हरियाणा: 'विपक्ष आपके समक्ष' के तहत हुड्डा ने तैयार की हरियाणा सरकार को घेरने की रणनीति, पढ़िए पूरा मामला
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि 10 अक्तूबर से यह कार्यक्रम करनाल से शुरू किया जाएगा । क्योंकि गठबंधन सरकार के अक्तूबर में दो साल पूरे हो रहे हैं। 'विपक्ष आपके समक्ष' कार्यक्रम का मक़सद जनता से सीधा संवाद करना है।
चंडीगढ़, सितंबर 23, 2021। कांग्रेस हर राज्य में अपनी सियासी ज़मीन को मज़बूत करने में जुट गई है। महंगाई, बेरोज़गारी जैसे मुद्दे के ख़िलाफ़ अब कांग्रेस हरियाणा में 'विपक्ष आपके समक्ष' कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। इस बाबत चंडीगढ़ में गुरुवार को हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि 10 अक्तूबर से यह कार्यक्रम करनाल से शुरू किया जाएगा । क्योंकि गठबंधन सरकार के अक्तूबर में दो साल पूरे हो रहे हैं। 'विपक्ष आपके समक्ष' कार्यक्रम का मक़सद जनता से सीधा संवाद करना है।

'विपक्ष आपके समक्ष' कार्यक्रम का आग़ाज़
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ने हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस इकलौता विपक्षी दल है। बाकी दल सरकार में शामिल हैं या फिर उनका कोई विधायक ही नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे में हमारी ज़िम्मेदारी बनती है कि हम सदन से लेकर सड़क तक जनता की आवाज को बुलंद करें। 'विपक्ष आपके समक्ष' कार्यक्रम के तहत जनता के दुख-दर्द को सुना जाएगा और उनकी आवाज़ को बुलंद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम चुनावी वादे को पूरा करने के लिए सरकार को मजबूर करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को चुनावी वादे पूरे करने के लिए दो साल दिया गया लेकिन अब और मोहलत नहीं दी जा सकती।
सरकार के ख़िलाफ़ व्यापक अभियान
पंजाब में नेतृत्व परिवर्तन के बाद हरियाणा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी सक्रिय हो गए हैं। ग़ौरतलब है कि हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष बदलने के लिए हुड्डा खेमे के नेता काफ़ी वक़्त से आलाकमान पर दबाव बनाए हुए है। हरियाणा में कांग्रेस ज़मीनी स्तर पर सरकार के ख़िलाफ़ व्यापक अभियान छेड़ने के लिए रणनीति तैयार कर चुकी है। नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा इसकी कमान संभालेंगे। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में गठबंधन सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की जा चुकी है। सरकार के ख़िलाफ़ हुड्डा के व्यापक अभियान को उनके शक्ति प्रदर्शन से जोड़कर देखा जा रहा है। 'विपक्ष आपके समक्ष' कार्यक्रम के तहत कृषि क़ानून, बेरोज़गारी, भ्रष्टाचार और भूमि अधिग्रहण संशोधन विधेयक आदि प्रमुख मुद्दे होंगे। ग़ौरतलब है कि बैठक में 5 विधायक शामिल नहीं हुए। कुलदीप बिश्नोई विधानसभा टीम के साथ अन्य राज्यों के दौरे पर हैं। उनके अलावा शैलजा, रेणु बाला और चिरंजीव ने बैठक में हिस्सा नहीं लिया।
विधायकों के साथ विचार विमर्श
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बैठक में मौजूद विधायकों से भी सलाह मशवरा किया, ज़्यादातर विधायकों ने विधायकों ने सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाने के लिए जिला, खंड, विधानसभा और बूथ स्तर पर अभियान चलाने की बात कही। विधायकों ने कहा कि कांग्रेस ने बीते मानसून सत्र में सरकार को मजबूती से सदन में घेरा है। अब उन मुद्दों को धरातल पर उतार कर अभियान छेड़ने की जरूरत है। वहीं कुछ विधायकों ने कहा कि संगठन को मज़बूत करने की भी ज़रूरत है। विधायक पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को इस अभियान में साथ जोड़ते हुए गुटबाज़ी से परहेज़ करें। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि गठबंधन सरकार जनआकांक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाई है। किसान सड़क पर बैठे हैं, उनसे वार्ता करने के बजाय लाठियां बरसाई जा रही हैं। सरकार को आंदोलन जल्द खत्म कराना चाहिए। बेरोजगारी प्रदेश में लगातार बढ़ रही है। अनेक घोटाले इस सरकार में हुए हैं, लेकिन आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ये भी पढ़ें: पंजाब: कैप्टन ने कहा मेरे लिए खुले हैं राजनीतिक विकल्प, क्या हैं इसके सियासी मायने, पढ़िए इनसाइड स्टोरी












Click it and Unblock the Notifications