बड़खल के नए MLA धनेश अदलखा की चेतावनी, बोले-'सीवरेज की समस्या का समाधान 15 तक हो, वरना FIR'
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में हार-जीत के बाद नेता तेवर दिखा रहे हैं। इस कड़ी में गोपाल कांडा और महम से बलराज कुंडू के बाद अब बड़खल से धनेश अदलखा का नाम भी शामिल हो गया है। बलराज कुंडू ने तो हार के बाद लड़कियों के चल रही फ्री बस सेवा बंद कर दी जबकि हरियाणा लोकहित पार्टी (हलोपा) के गोपाल कांडा हार के बाद और धनेश अदलखा जीत के बाद अफसरों को चेतावनी देते दिखे हैं।
मीडिया की खबरों के अनुसार फरीदाबाद जिले के बड़खल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतने के बाद भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक धनेश अदलखा ने अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसने उन्होंने अफसरों से कहा कि 'तुम लोगों ने क्या *$ल्लागिरी की हुई है। 5 साल तक मुझसे झूठ मत बोलना। मैं विधायक रहूं या न रहूं, किसी को नहीं छोड़ूंगा। जब तक मैं यहां हूं, सब पर नजर रखूंगा।'

बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने नगर निगम अधिकारियों को तो सप्ताहभर की चेतावनी दे डाली। बोले कि उनके पूरे विधानसभा क्षेत्र में 15 तारीख तक सीवरेज की समस्या का समाधान हो जाना चाहिए। अगर 15 तारीख तक इसका समाधान नहीं हुआ तो 16 तारीख तक अगर विधानसभा क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति शिकायत करता है तो अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी या अधिकारी को सस्पेंड कर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
विधायक धनेश अदलखा ने कहा कि सभी डिपो पर समय पर राशन पहुंचना चाहिए और लोगों को राशन मिलना चाहिए। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से भी कहा कि वे अपने काम में सुधार लाएं वरना अगर उनके काम में कोई कमी पाई गई तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि बड़खल विधानसभा चुनाव 2024 में बीजेपी के धनेश अदलखा को 79476 वोट मिले। 73295 वोट पाकर दूसरे नंबर कांग्रेस के विजय प्रताप सिंह रहे। हार-जीत का अंतर 6181 वोट रहा।












Click it and Unblock the Notifications