'मुझे शारीरिक-मानसिक रूप से प्रताड़ित किया', हरियाणा के मंत्री पर उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली कोच ने क्या कहा?
हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह पर एक जूनियर एथलेटिक्स महिला कोच के यौन उत्पीड़न और अपमान के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। मंत्री ने कहा, 'मेरी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है, इसकी गहन जांच की मांग की है।'

हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराने वाली जूनियर एथलेटिक्स कोच ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि मामले में कार्रवाई की जाएगी। हरियाणा के मंत्री संदीप सिंह पर उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली कोच ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि 'संदीप सिंहने "मुझे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।" महिला कोच ने जोर देकर कहा कि "पहले तो मैंने उससे बचने की कोशिश की लेकिन उसने (संदीप सिंह) मुझे परेशान करना जारी रखा।'' महिला कोच के आरोपों के बाद खेल मंत्री संदीप सिंह ने खेल विभाग सीएम मनोहर लाल खट्टर को सौंप दिया है। इस मामले की जांच के लिए डीजीपी की ओर से तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया है।

महिला कोच का दावा- अधिकारिक आवास पर हुआ उत्पीड़न
महिला कोच ने आरोप लगाया है कि उसके साथ यौन उत्पीड़न और अपमान उस वक्त हुआ, जब वह चंडीगढ़ में संदीप सिंह से मिलने उनके अधिकारिक आवास पर गई थीं। चंडीगढ़ पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 354 (महिला का शील भंग करने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल प्रयोग), 354 A(यौन उत्पीड़न) ,354B (महिला को निर्वस्त्र करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), 342 (गलत कारावास) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया है।

अनिल विज से मिली महिला कोच
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने महिला कोच से मुलाकात की है। अनिल विज ने मुलाकात के बाद कहा, ''मैंने उनकी शिकायत पर उनकी (महिला कोच) बात सुनी है। मैं इस मामले में सीएम से बात करूंगा। हम सुनिश्चित करेंगे कि इस पूरे मामले में इंसाफ हो।'' महिला कोच ने अंबाला में अनिल विज से मुलाकात की।

खेल मंत्री के पद से संदीप सिंह ने दिया इस्तीफा
महिला कोच के आरोपों के बाद खेल मंत्री संदीप सिंह ने खेल विभाग से इस्तीफा दे दिया है। संदीप सिंह ने अपने खिलाफ लगाए आरोपों को खारिज कर दिया है। संदीप सिंह ने कहा, ''यह मेरी छवि खराब करने के लिए की जा रही है। मुझे उम्मीद है कि मुझ पर लगाए गए झूठे आरोपों की गहन जांच होगी। मैं खेल विभाग की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री (मनोहर लाल खट्टर) को सौंपता हूं, जब तक कि जांच की रिपोर्ट नहीं आ जाती है।''
इस बीच, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पहले आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) ने मनोहर लाल खट्टर सरकार से सिंह को तुरंत बर्खास्त करने और मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने के लिए कहा है।












Click it and Unblock the Notifications