'कांग्रेस को जनता ने नकारा', तीन राज्यों के चुनाव परिणाम पर बोले दुष्यंत चौटाला
Assembly Election Result 2023: चार राज्यों के चुनाव परिणामों पर हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की प्रतिक्रिया सामने आई है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जनमत में साफ दिखा रहा है कि तीन प्रदेश मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में लोगों ने कांग्रेस को नकार दिया है।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जिन दो प्रदेशों में कांग्रेस की सरकार थी, वहां पर भी कांग्रेस को हराने का काम मतदाताओं ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा ने टीम के तौर पर कार्य किया उसका लाभ राजस्थान, छत्तीसगढ़, एमपी में देखने को मिला है। साथ ही, डिप्टी सीएम ने राजस्थान में चुनाव लड़ने वाले जेजेपी उम्मीदवारों और जनता का आभार प्रकट किया।

उन्होंने कहा कि हमारे लिए खुशी की बात यह है कि राजस्थान में जेजेपी की एंट्री हुई है तथा राजस्थान में जेजेपी के विस्तार को और मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। बता दें कि डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने यह बात उचाना में मीडिया से बातचीत करते हुए कहीं। वहीं, कृषि मंत्री जेपी दलाल द्वारा किसान नेताओं को लेकर दिए बयान पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जेपी दलाल को अपने शब्दों पर पुनर्विचार करना चाहिए, वो भी एक किसान परिवार से आते है।
इससे पहले डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला पांचाल समाज द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि कौशल रोजगार निगम में 26 प्रतिशत बैकवर्ड क्लास के युवाओं को रोजगार मिला है और यह हरियाणा सरकार का सराहनीय कदम है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकारी नौकरियों की प्रक्रिया पूरी गति के साथ चल रही है और मार्च से पहले एससी, बीसी बैकलॉग को पूरा कर युवाओं को रोजगार देने का काम किया जाएगा।
इस दौरान डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने विश्वकर्मा पांचाल धर्मशाला में डिजिटल लाइब्रेरी बनवाने की घोषणा की और कहा कि इससे सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले युवाओं को फायदा मिलेगा। उन्होंने पांचाल धर्मशाला के लिए दस लाख रुपए अपने स्वैच्छिक कोष से देने की भी घोषणा की।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उचाना शहर में स्ट्रीट लाइटों को लेकर टेंडर हो चुका है जल्द ही सारा शहर रोशनी से जगमग हो जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर में सीवरेज के लिए भी मशीन आ चुकी है और इस मशीन से सीवरेज व्यवस्था दुरूस्त रहेगी। डिप्टी सीएम ने कहा कि उचाना हलके के विकास को लेकर कोई कोर-कसर नहीं रखी जाएगी। दुष्यंत चौटाला ने पांचाल सभा द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों पर सहमति जताते हुए उन्हें पूरा करवाने का आश्वासन भी दिया।












Click it and Unblock the Notifications