किसान नेता 11-12 बार कृषि मंत्री से मिल चुके, लेकिन कानूनों में कमियां नहीं बता पाए, एजेंडा कुछ और ही है: विज
चंडीगढ़। हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने पिछले 6 महीनों से चले आ रहे किसान संगठनों के आंदोलन पर सवाल उठाए। विज ने कहा कि, किसान नेता कृषि कानूनों में आपत्तियां नहीं बता पा रहे तो आंदोलन किसलिए हो रहा है। विज ने कहा कि, "ये लोग कहते हैं कि केंद्रीय कृषि मंत्री बात नहीं सुन रहे। जबकि सच ये है कि कृषि मंत्री हमेशा बातचीत के लिए तैयार रहते हैं। वे 11-12 बार मिल भी चुके हैं लेकिन किसान नेता कानूनों में अपनी आपत्ति नहीं बता पाए। इससे खुद ही यह स्पष्ट हो रहा है कि यह आंदोलन 3 कानूनों को लेकर नहीं चल रहा, बल्कि कुछ छिपा हुआ एजेंडा है।"

राकेश टिकैत ने कहा- आंदोलन चलता रहेगा
इधर, हरियाणा सरकार के उलट किसान संगठन इस बात पर टिके हुए हैं कि वे बॉर्डर इलाके खाली नहीं करने वाले। भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत का कहना है कि, सरकार तरह-तरह के आरोप लगाकार किसानों का आंदोलन नहीं रुकवा सकती। यह आंदोलन चलता रहेगा। यह किसानों द्वारा शुरू की गई एक क्रांति है, ऐसी क्रांति मरती नहीं है। हमारे किसान भाइयों द्वारा संपूर्ण क्रांति दिवस भी मनाया गया। टिकैत ने इससे पहले कहा था कि, किसान उपद्रव नहीं करते, सरकार हमारी बात माने। उन्होंने कहा कि, "कृषि कानून हटने तक प्रदर्शनकारी धरनास्थल छोड़कर नहीं जाएंगे।"

CM खट्टर की प्रदर्शनकारियों को चेतावनी
किसान संगठनों की ओर से जारी धरने-प्रदर्शनों के बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी प्रदर्शनकारियों के लिए चेतावनी दी। खट्टर ने संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा मनाए गए संपूर्ण क्रांति दिवस पर कहा कि, वे कानून के दायरे में ही ये सब करें। यदि सूबे में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती है, तो उसको संभालने के लिए हमें जो कुछ करना पड़ेगा हम वो करेंगे। इसलिए मेरी अपील है कि प्रदर्शनकारी जो भी करें शांतिपूर्ण तरीके से करें।"

कई दौर की वार्ता रही बेनतीजा
गौरतलब है कि, केंद्र सरकार की ओर से बनाए नए कृषि कानून के विरोध में किसान संगठनों का धरना पिछले 6 महीने से चल रहा है। हालांकि, सरकार से कई दौर की बातचीत के बावजूद कोई हल नहीं निकला। अब किसान संगठन आंदोलन को फिर से मजबूती देने के लिए अपनी रणनीति बना रहे हैं। इसी क्रम में राकेश टिकैत ममता बनर्जी से मिलने बंगाल गए।












Click it and Unblock the Notifications