हरियाणा में भाजपा को AAP दे सकती है तगड़ा झटका, जानिये क्यों तेज़ हुई सियासी हलचल ?
पंजाब में प्रचंडी जीत हासिल करने के बाद आम आदमी पार्टी हर राज्यों में अपना दायरा बढ़ा रही है।
चंडीगढ़, 18 मार्च 2022। पंजाब में प्रचंडी जीत हासिल करने के बाद आम आदमी पार्टी हर राज्यों में अपना दायरा बढ़ा रही है। इसी कड़ी में हाल ही में आम आदमी पार्टी में दूसरे दलों को छोड़ कर कई लोग शामिल हुए थे। अब चर्चा तेज़ है कि आम आदमी पार्टी हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा झटका दे सकती है। ख़बर आ रही है कि भाजपा के दिग्गज नेता पार्टी को छोड़ कर आम आदमी पार्टी का दामन थाम सकते हैं। हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने अपने सिरसा आवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं से मुलाक़ात के दौरान उन्होंने भाजपा नेताओं के आप में शामिल होने की अटकलों पर प्रतिक्रिया दी। साथ ही बजट को लेकर भी रुख साफ़ किया।

हरियाणा में सियासी जड़ें मज़बूत कर रही AAP
पंजाब में प्रचंड बहुमत के बाद आम आदमी पार्टी की बाकी राज्यों में भी चर्चा होने लगी है। पंजाब और दिल्ली के बाद इन दोनों राज्यों की सीमाओं से सटे हरियाणा की सियायत में आम आदमी पार्टी अपनी राजनीतिक जड़ें मज़बूत करने में जुट गई है। अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह और उनके बेटे हिसार से बीजेपी सांसद विजेंद्र सिंह आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। इस मामले पर हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने भी प्रतिक्रिया दी।

हरियाणा के विकास के लिए सरकार समर्पित- दुष्यंत
हरियाणा में आम आदमी पार्टी के 2024 में सरकार बनाने के दावे किए जा रहे हैं। इस मामले पर हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा गठबंधन सरकार बहुत ही अच्छे काम कर रही है। भाजपा के काम के वजह से ही चार राज्यों में पार्टी ने जीत दर्ज की है। वहीं दुष्यंत चौटाला ने बजट के मामले में कहा कि अगले एक वित्त वर्ष में हरियाणा और तरक्की करेगा। हरियाणा को प्रगति के पथ पर बढ़ाने के लिए हरियाणा सरकार पूरी तरह से समर्पित है।

हरियाणा में सियासी हलचल तेज़
हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के आम आदमी पार्टी में शामिल होने की चर्चाओं पर कहा कि ये उनका निजी फ़ैसला हो सकता है। इस मामले में जो भी कार्रवाई करनी है वह भारतीय जनता पार्टी करेगी। चौधरी बिरेंद्र सिंह के आप में शामिल होने की चर्चा से हरियाणा में सियासी हलचल तेज हो गई है। वहीं सियासी जानकारों का कहना है कि जिस तरह से भाजपा का चार राज्यों में शानदार प्रदर्शन रहा है। इससे यह क़यास लगाए जा रहे हैं कि बीरेंद्र सिंह के लिए बीजेपी छोड़कर जाना आसान नहीं होगा। वहीं दूसरी आप के पंजाब प्रदर्शन को देखने के बाद यह चर्चा तेज़ हुई है कि हरियाणा में बिरेंद्र सिह आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें: हरियाणा के गृह मंत्री विज और शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने 'द कश्मीर फाइल्स’ मूवी देखने के बाद दी ये प्रतिक्रिया












Click it and Unblock the Notifications