हरिद्वार: अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी हुए कोरोना पॉजिटिव
हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी महाराज कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। हरिद्वार के मुख्य चिकित्साधिकारी शंभुनाथ झा ने बताया कि महंत नरेंद्र गिरी की जांच रिपोर्ट में उनके कोविड पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। शुक्रवार देर रात तबीयत खराब होने के बाद 70 वर्षीय महंत को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए हरिद्वार कुंभ मेला क्षेत्र और सीमाओं के साथ ही सभी अखाड़ों में भी आरटी-पीसीआर और रैपिड एंटीजन जांच की जा रही है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि महाकुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और संतों को सतर्कता बरतने और कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा जा रहा है।

शुक्रवार देर रात तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया गया था भर्ती
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी महाराज को दो दिन पहले तबीयत बिगड़ने पर जगजीतपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मेलाधिकारी दीपक रावत और कुंभ एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने श्रीमहंत से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना था। आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी, आचार्य महामडलेश्वर बालकानन्द आदि संतों ने भी अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना था।
उत्तराखंड में शनिवार को 1233 नए केस आए सामने
बता दें, उत्तराखंड में शनिवार को 1,233 लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया, जिससे राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,07,479 हो गई। वहीं, तीन लोगों की कोरोना से मौत हो गई। देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिलों में अधिक मामले सामने आए। देहरादून जिले में सबसे अधिक 589 मामले, हरिद्वार में 254, नैनीताल में 129, ऊधम सिंह नगर में 90, टिहरी में 58, पौड़ी में 50, रुद्रप्रयाग में 16, चमोली में 16, अल्मोड़ा में 14, पिथौरागढ़ में छह, चंपावत और बागेश्वर में चार-चार और उत्तरकाशी में तीन मामले सामने आए।












Click it and Unblock the Notifications