सांप ने काटा तो डिब्बे में बंद कर इलाज करवाने अस्पताल पहुंचा युवक, भाग खड़े हुए डॉक्टर
सांप ने काटा तो डिब्बे में बंद कर इलाज करवाने अस्पताल पहुंचा युवक, भाग खड़े हुए डॉक्टर
हरदोई, 28 अक्टूबर: खबर उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से है, यहां जिला अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में कुछ ऐसा हुआ की हड़कंप मच गया। डॉक्टर और मरीज इमरजेंसी वार्ड को छोड़कर भाग खड़े हुए। दरअसल, यहां एक शख्स को कोबरा सांप ने काट लिया। सांप के काटने के बाद शख्स ने उसे पकड़ लिया और इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में लेकर पहुंच गया। शख्स के हाथ में कोबरा सांप देखकर इमरजेंसी वार्ड में हड़कंप मच गया।

यह मामला हरदोई जिले के टडियावा थाना क्षेत्र के मुगलीपुर गांव का है। न्यूज़ 18 की खबर के मुताबिक, गांव निवासी मुकेश की मां नल पर पानी लेने गई, इसी बीच मुकेश जब कमरे में पहुंचा तो अचानक उसकी नजर जहरीले कोबरा सांप पर पड़ी। सांप कहीं उसकी मां को ना काट ले, इसलिए मुकेश ने सांप को पकड़ने का प्रयास किया। सांप को पकड़ने के दौरान कोबरा सांप ने उसे डस लिया, लेकिन इसके बावजूद भी उसने सांप को एक प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर दिया और अपने साथ लेकर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंच गया।
जिला अस्पताल में युवक के साथ कोबरा सांप को देखकर हड़कंप मच गया। हालांकि, डॉक्टरों ने मुकेश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कर लिया और मामले की सूचना वनकर्मियों को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम जहरीले कोबरा सांप को अपने साथ ले गई। इस बारे में वनकर्मियों का कहना है कि यह काफी पुराना और जहरीला सांप है। इसे इसके प्राकृतिक स्थान पर छोड़ दिया जाएगा। फिलहाल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कर उसका इलाज किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications