हरदोई: RSS नेता ने पिता-पुत्र को निर्वस्त्र कर पीटा फिर बनाया मुर्गा, इस बात से था नाराज
हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पिता-पुत्र को नंगा कर बंधक बनाने और मुर्गा बनाने का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं, आरोपियों ने घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। आरोपी आरएसएस का पूर्व पदाधिकारी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक ने आरोपी नेता की बेटी से शादी का रिश्ता ठुकरा दिया था जिससे नाराज होकर इस घटना को अंजाम दिया गया। पीड़ित ने पिटाई करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। जिसके बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

लखीमपुर के पलिया निवासी रमेश चन्द्र गुप्ता ने अपने बेटे विनय गुप्ता की शादी की बात तीन साल पहले हरदोई के व्यापारी नेता कैलाश नारायण गुप्ता की बेटी से चलाई थी। मगर कुछ कारणों से विनय गुप्ता ने इस शादी से इनकार कर दिया था। जिसके बाद से ही व्यापारी नेता कैलाश नारायण गुप्ता, विनय गुप्ता और उनके परिवार से नाराजगी मानने लगे। इस बीच दिसम्बर 2019 में विनय गुप्ता की शादी हरदोई के ही कन्हैयालाल गुप्ता की बेटी से तय हो गई। जिसके बाद गोदभराई की रस्म भी हो गयी।

फरवरी 2020 में कन्हैयालाल गुप्ता ने इस शादी से इनकार कर दिया। शनिवार दोपहर लखीमपुर से रमेशचंद्र गुप्ता अपने पुत्र विनय गुप्ता के साथ हरदोई आए। कन्हैयालाल गुप्ता से समझौते और जेवर वापस करने की बात कही। आरोप है कि दोनों ओर से सामान एक दूसरे को वापस करने के बाद कैलाश नारायण गुप्ता और उनका पुत्र वहां आया और समझौते के बाद अपने घर जा रहे रमेशचंद्र गुप्ता और उनके पुत्र को अपनी मंडी में स्थित दुकानों में बंधक बना लिया। जहां उन्होंने पिता पुत्र को नंगा का मुर्गा बनवाया, साथ ही मारपीट की। अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है और पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications