Hardoi Honor Killing: हत्या की खौफनाक साजिश; पिता ने काटा बेटी का गला और घर पर मिला कुत्ते का खून
उत्तर प्रदेश के हरदोई से एक दिल दहला देने वाला ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। 1 जुलाई को हुई एक 15 वर्षीय किशोरी की निर्मम हत्या का सनसनीखेज खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतिका के पिता को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में कई चौका देने वाले खुलासे भी हुए हैं। आरोपी पिता ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया है कि बेटी का गांव के एक लड़के से अफेयर चल रहा था। इसी के चलते उसने बेटी की हत्या कर दी।
दूसरे गाँव में हुआ था लड़की का शव बरामद
बता दें कि पूरा मामला जिले के पचदेवरा थाना क्षेत्र के बिसौली गांव का है। यहां 5-6 दिन पहले गांव के बाहर खेत में एक 15 वर्षीय किशोरी का शव बरामद हुआ था। शव की पहचान हथौड़ा गांव निवासी अनंगपाल उर्फ अन्नु की पुत्री मोहिनी के रूप में हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाकर मौके से कई साक्ष्य इखट्टे कर जांच में जुट गई थी।

भाई-भाभी को फ़साने की कोशिश
वहीं हत्या के 6 दिन बाद पुलिस ने इस हत्या का खुलासा कर दिया। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मौके पर पहुंचे पिता अनंगपाल ने अपने परिवार के लोगों पर ही हत्या का आरोप लगाया। उसने पुलिस को बताया कि घर पर खून बिखरा हुआ है। आशंका जाहिर करते हुए अनंगपाल ने पुलिस से कहा कि हो न हो बेटी की हत्या घर पर की गई है और शव को दूसरे गांव में लाकर फेंक दिया गया है। पुलिस ने पिता की तहरीर और मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर अपनी जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने चलाया अँधेरे में तीर
पिता अनंगपाल द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में उसने अपने भाई पूरन, भाभी सविता और गांव के ही तेज प्रताप, राजीव पर अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगाया। वहीं पुलिस ने अपने तरीके से जांच को आगे बढ़ाते हुए गांव के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। इसी दौरान गांव के लोगों से पूछताछ में पता चला कि पिता अनंगपाल की भाभी का गांव के ही किसी आदमी से अवैध संबंध चल रहा था। इस वजह से वो गुस्से में था और उन्हें फ़साने के लिए उसी ने कांड किया है।
तीर लगा सही निशाने पर
हालाँकि यह सूचना पूरी तरह सच तो नहीं निकली लेकिन जब पुलिस ने इस कड़ी के आधार पर जब अनंगपाल से पूछताछ की, तो उसने अपने बयान बदलने शुरू कर दिए। उधर फोरेंसिक रिपोर्ट में घर में मिला खून और लड़की का खून मिसमैच हुआ। पुलिस को यहीं से उसपर शक हुआ और पुलिस ने पिता को कस्टडी में लेकर कड़ाई से पूछताछ करनी शुरू कर दी। पुलिस की सख्ती के आगे अनंगपाल टूट गया और उसने बेटी की हत्या का जुर्म कबूल करते हुए पूरी कहानी बयां कर दी।
गांव के लड़के से था बेटी का अफेयर, इसलिए मार डाला
पिता अनंगपाल ने कबूल करते हुए पुलिस को बताया, ''मेरी बेटी मोहिनी का गांव के ही एक लड़के से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इससे मैं बहुत खफा था। मुझे बहुत तकलीफ होती थी, वो देर रात उस लड़के से बात करती थी। मेरी पत्नी मुझे छोड़कर चली गई थी, इकलौता सहारा सिर्फ बेटी थी। वो भी गलत कदम उठा रही थी। समाज में पहले ही मेरी इज्जत खराब हो चुकी थी। इसलिए मैंने उसे मार डाला।''

ऐसे दिया हत्याकांड को अंजाम
पुलिस को दिए गए बयान में आरोपी ने बताया कि 30 जून की रात उसने अपनी बेटी मोहिनी को रिश्तेदार के यहां ले जाने की बात कही। इसके बाद वो तैयार हो गई और वो उसे लेकर बिसौली गांव पहुंचा। यहां उसने पहले अपनी बेटी का गला दबाकर हत्या करनी चाही। लेकिन वो झटपटाने लगी, तब उसने दरांती से उसके पेट में वार किया और फिर उसका गला रेत दिया।
पुलिस को गुमराह करने के लिए बिखेरा कुत्ते का खून
यही नहीं बल्कि पुलिस को गुमराह करने लिए बेटी की हत्या करने के बाद घर वापस आते समय अनंगपाल ने रास्ते में एक कुत्ते के बच्चे को पकड़ लिया। घटना को दूसरा रूप देने के लिए उसने कुत्ते के बच्चे पर हमला किया और उसका खून घर में लाकर बिखेर दिया और फिर हत्या घर में होने की आशंका जताते हुए अपने भाई-भाभी पर क़त्ल का इल्जाम लगा दिया।

पुराना हिस्ट्रीशीटर है कातिल पिता
हरदोई एसपी राजेश द्विवेदी ने कहा, ''अनंगपाल ने अपने भाई और भाभी और गांव के दो अन्य लोगों को पुरानी रंजिश के चलते फंसाया था। पूछताछ के क्रम में मोहिनी के पिता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी हिस्ट्रीशीटर है। पूर्व में उसके ऊपर आर्म्स एक्ट समेत 323, 324, 504 और 506 के तहत मुकदमे दर्ज हैं। इस ब्लाइंड केस का खुलासा करने वाली टीमों को 20 हजार रुपये नगद पुरस्कार दिया जाएगा।''












Click it and Unblock the Notifications