सपा-बसपा गठबंधन टूटने पर बोले नरेश अग्रवाल, एक सांपनाथ तो दूसरा नागनाथ'
Hardoi News, हरदोई। लोकसभा चुनाव के बाद बसपा-रालोद-सपा वाला महागठबंधन टूटने पर भाजपा नेता व पूर्व राज्यसभा सदस्य नरेश अग्रवाल ने तंज कसा है। उन्होंने एक को सांपनाथ तो दूसरे को नागनाथ बताया है। कहा कि चुनाव के पहले ही बता दिया था कि यह गठबंधन 23 मई के बाद समाप्त हो जाएगा और वही हो रहा है। कहा, यह गठबंधन विचारों का नहीं हुआ था। यह ठगबंधन था और इसे टूटना ही था।

नरेश अग्रवाल ने अपने आवास पर मीडिया से वार्ता करते हुए कहा कि अब प्रदेश की जनता को चाहिए कि सपा-बसपा को बिल्कुल साफ कर दें। उन्होंने कहा कि एक नागनाथ हैं तो दूसरा सांपनाथ। इस मौके पर उन्होंने ईद की मुबारकबाद देते हुए कहा कि त्योहार किसी धर्म का नहीं होता है। त्योहार राष्ट्र का होता है, इसलिए हिंदुओं को भी ईद मुबारक हो। मुस्लिम समाज के लोगों के लिए उन्होंने कहा कि धर्मनिरपेक्षता के नाम पर अब तक मुस्लिमों को राष्ट्रीय धारा से किनारे रखा गया। अब समय आ गया है कि मुस्लिम भाजपा से जुड़कर राष्ट्र की मुख्य धारा में शामिल हों।
ठगबंधन रूपी कोढ़ को समाप्त किया
नरेश अग्रवाल ने इससे पहले सपा-बसपा गठबंधन को ठगबंधन रूपी कोढ़ बताया था। उन्होंने कहा था कि जनता ने सपा के परिवारवाद को तोड़ा उसके लिए विशेष बधाई। अब विपक्ष हार स्वीकार करे और ईवीएम पर ठीकरा न फोड़े। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के दिलों में चोर था कि पीएम बनेगा कौन, इसलिए भी महागठबंधन हारा और उसी में शिवपाल भी शामिल थे।














Click it and Unblock the Notifications