ट्रक से रेत उतारते वक्त भरभराकर गिरी दीवार, मलबे में पांच बच्चे दबे, 2 की मौत
Hapur news, हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ में उस वक्त हड़कंप मच गया जब ईदगाह रोड स्थित मोहल्ला शिवगढ़ी में बकरी चराने गए दो मासूमों की दीवार के मलवे में दबने से मौत हो गई। हादसे में पांच बच्चे दीवार के नीचे दब गए जिसमें से दो की मौत हो गई जबकि 3 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना तब हुई जब दीवार के सहारे ट्रक से रेत उतारी जा रही थी। जैसे ही घटना की जानकारी पुलिस को लगी तो हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

मोहल्ला शिवगढ़ी निवासी आदिल(12), शुभान अली(15), समर(13), इफाजत खां(10), और समीर बकरी चराने निकले थे। करीब 4.30 बजे मोहल्ले में खाली पड़े प्लॉटों में बकरियों को चरने के लिए छोड़ दिया। पांचों बच्चे मुनीमजी बिल्डिंग मैटीरियल सप्लायर के गोदाम की दीवार के सहारे खाली पड़े प्लॉट में खेल रहे थे। तभी रेत से भरा ट्रक मुनीमजी के प्लॉट में आया, कर्मचारियों ने उस दीवार के सहारे रेत उतारना शुरू कर दिया, रेत का ढेर इतना ऊंचा हो गया कि उसके दबाव को दीवार सहन नहीं कर पाई।

दीवार भरभराकर गिर गई और मलवे में पांचों बच्चे दब गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने सभी को बाहर निकाला, जिसमें से आदिल और सुहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि समर, इफाकत और समीर गंभीर रूप से घायल हो गए। दीवार गिरते ही ट्रक चालक और वहां काम कर रहे मजदूर भाग खड़े हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से मलवे को उतरवाकर किसी और के दबे न होने की पुष्टी की। पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर राजेश कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम और घायलों को उपचार के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications