UP: काले कोट से टकराने का काम मत कीजिए, वरना ये लोग... हापुड़ में वकीलों पर लाठीचार्ज को लेकर बोले संजय सिंह
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में वकीलों पर लाठीचार्ज का मामला पूरे प्रदेश में तूल पकड़ चुका है। इस मामले पर अब सियासत भी तेज हो चुकी है। आम आदमी पार्टी के नेता संजय ने इसे लेकर योगी सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आम जनता को न्याय दिलाने वालों पर लाठीचार्ज निंदनीय है।
काले कोट से टकराने का काम मत करो: संजय सिंह
संजय सिंह ने कहा कि प्रशासन और शासन ने जुल्म और ज्यादती की हद पार कर दी। वकीलों को सड़क पर दौड़ा दौड़ाकर पीटा गया। संजय सिंह ने आगे कहा कि मैं आदित्यनाथ जी से कहना चाहता हूं ये काले कोट पहनने वाले लोग हैं, ये न्याय की लड़ाई लड़ने वाले लोग हैं, पीड़ितों को अदालतों ने न्याय दिलाने वाले लोग हैं, इनके काले कोट पर लाठी चलाने का काम करोगे आदित्यनाथ जी तो तुम्हारे चेहरे को काला करने का काम ये वकील करेंगे।

संसद में उठाएंगे वकीलों का मुद्दा: संजय सिंह
आप नेता संजय सिंह ने कहा कि सांसदी बहाल होने पर संसद में वकीलों पर लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया जाएगा। वकीलों पर लाठीचार्ज के मामले में वीडियो के आधार पर आरोपी पुलिसकर्मियों व अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। हापुड़ में कचहरी के बाहर धरने दे रहे वकीलों से बातचीत करते हुए आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि ये बहुत गंभीर मुद्दा है कि वकीलों को ही न्याय के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है।
जाम खुलवाने के दौरान पुलिस ने किया लाठीचार्ज
बता दें कि कुछ समय पहले यूपी के हापुड़ में एक महिला अधिवक्ता और सिपाही के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसे लेकर पुलिस ने महिला अधिवक्ता और उसके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। जिसका विरोध करते हुए अधिवक्ताओं ने मंगलवार को न्यायिक कार्य बंद रखते हुए तहसील चौपला पर जाम लगा दिया। जाम खुलवाने के दौरान पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच खींचातानी के बीच पुलिस ने जाम खुलवाने के लिए लाठीचार्ज शुरू कर दिया था। जिसमें कई वकील घायल हो गए।












Click it and Unblock the Notifications