हमीरपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तारीख का ऐलान, अशोक चंदेल को उम्रकैद की सजा के बाद खाली हुई थी सीट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की हमीरपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की तिथि का ऐलान निर्वाचन आयोग ने कर दिया है। इस सीट पर 23 सितंबर को वोट डाले जाएंगे और मतगणना 27 सितंबर को होगी। जबकि नामांकन 28 अगस्त से किए जा सकेंगे। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी की गई अधिसूचना के आधार पर उपचुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 7 सितंबर रखी गई है। बता दें कि बीजेपी विधायक अशोक चंदेल की विधानसभा सदस्यता खत्म होने से यह सीट खाली हुई थी।

यह कार्यक्रम
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि हमीरपुर विधानसभा उपचुनाव की अधिसूचना 28 अगस्त को जारी होगी। उसी दिन से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जो चार सितंबर तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच पांच सितंबर को की जाएगी। सात सितंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 23 सितंबर को होगा, जबकि चुनाव नतीजे 27 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।
22 साल पुराना मामला
22 साल पहले 26 जनवरी 1997 को राजीव शुक्ला के दो भाइयों व एक भतीजे सहित पांच लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में 19 अप्रैल को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अशोक सिंह चंदेल सहित 9 लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। सजा सुनाए जाने के बाद बीजेपी विधायक चंदेल विधानसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित हो गए। ऐसे में उनकी विधायकी भी चली गई थी। आपको बता दें कि अशोक चंदेल फिलहाल जेल में बंद हैं।












Click it and Unblock the Notifications