गुटखा कारोबारी के आवास पर CGST की रेड में मिले 6.31 करोड़, बेड के अंदर बिछा रखी थीं नोटों की गड्डियां
गुटखा कारोबारी के आवास पर CGST की रेड में मिले 6.31 करोड़, बेड के अंदर बिछा रखी थीं नोटों की गड्डियां
हमीरपुर, 14 अप्रैल: पीयूष जैन के घर से अकूत संपत्ति मिलने के अब उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में गुटखा कारोबारी के यहां भारी मात्रा में कैश बरामद हुआ है। दरअसल, 12 अप्रैल को सेंट्रल गुड्स सर्विस टैक्स (सीजीएसटी) की कानपुर टीम ने गुप्ता बंधुओं (जगतबाबू और प्रदीप गुप्ता) के छापा मारा। इस छापेमारी में गुटखा कारोबारी के यहां से करीब 6.31 करोड़ रुपए बरामद किए गए।

कानपुर से जुड़ा है लिंक
खास बात यह है कि 6.31 करोड़ रुपए को दोनों भाइयों ने दो हजार रुपए नोटों के गद्दे बनवा रखे थे। बरामद हुए रुपए गिनन के लिए स्टेट बैंक से कई मशीनें मंगाई गई। आपको बता दें कि छापेमारी के दौरान कुछ महत्वपूर्ण कागजात और सोना भी टीम ने जब्त किए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऐसा बताया जा रहा है कि इस काली कमाई का लिंक कानपुर से जुड़ा हुआ है।

12 अप्रैल को पहुंची थी पांच गाडियां
सीजीएसटी की टीम करीब पांच गाड़ियां में 12 अप्रैल को पुरानी गल्ला मंडी में दयाल गुटखा के निर्माता जगत गुप्ता के आवास पर पहुंची। टीम को अपने आवास पर देख कारोबारी के परिवार में हड़कंप मच गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान टीम काफी देर तक गुटखा निर्माता के आवास के बाहर ही खड़ी रही, लेकिन मुख्य गेट नहीं खोला गया। किसी तरह टीम गेट खुलवाकर भीतर दाखिल हुई और अपनी जांच-पड़ताल शुरू की।

नोट गिनने के लिए मंगानी पड़ीं मशीनें
सीजीएसटी की टीम ने दोनों भाइयों के कमरों में रखे डबल बेड से 6,31,11,800 रुपए बरामद किए है। इनमें दो हजार रुपए के नोटों की गड्डियां दोनों भाइयों ने अपने बिस्तर में बिछा रखी थीं। इनकी गिनती के लिए स्टेट बैंक आफ इंडिया से नोट गिनने वाली तीन मशीनें मंगानी पड़ीं। बताया जा रहा है कि रुपयों को ट्रंक से भर कर स्टेट बैंक हमीरपुर भेजा गया है।

बिना टैक्स दिए बेचा गया था माल
सीजीएसटी कमिश्नर सोमेश तिवारी के मुताबिक, दोनों कारोबारियों ने कबूल किया है कि यह रकम बिना दस्तावेजों के माल बेचकर जमा की गई है। उनके कारखानों से बिना दस्तावेजों के 1520 किलो सुपारी, 6 बोरा तंबाकू, 95 किलो पैकिंग रोल, 13,700 पाउच सुपारी और 38000 पाउच तंबाकू जब्त की गई। इससे लगभग 80 लाख रुपये का अघोषित माल तैयार होना था।

लैपटॉप और मोबाइल भी किए गए जब्त
टीम की जांच पड़ताल में यह बात सामने आई है कि पूरा कच्चा माल नयागंज स्थित कारोबारियों से खरीदा जाता था और बिक्री कैश में हमीरपुर सहित आसपास के इलाकों में की जाती थी। छापों में लैपटाप और मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।

प्रदीप और जगत दोनों सगे भाई
गुप्ता बंधुओं में जगतबाबू और प्रदीप गुप्ता दोनों सगे भाई हैं। फर्म ओजस इंटरप्राइजेज के संचालक जगत बाबू गुप्ता हैं, जिसमें सुपारी का व्यापार होता है। दूसरी फर्म श्री इंटरप्राइजेज के संचालक प्रदीप गुप्ता सुगंधित तंबाकू का उत्पादन करते हैं। दयाल ब्रांड नाम से उनके उत्पाद ग्रामीण बेल्ट में बिकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications