एमपी: यहां टोल टैक्स नाके पर फास्टैग की जगह चलती है बंदूक की गोली
भिंड और ग्वालियर में बंदूकबाजों का आतंक, ग्वालियर में टोल नाके पर की फायरिंग, भिंड में टोल नाके से मांगा टेरर टैक्स, दोनो घटनाएं सीसीटीवी में कैद
ग्वालियर, 11 अक्टूबर। देशभर के टोल नाकों पर फास्टैग की मदद से टैक्स चुका दिया जाता है लेकिन ग्वालियर-चंबल अंचल में टोल नाकों पर फास्टैग की बजाय लोगों की बंदूकें काम करती हैं और बंदूक से निकली गोली के आगे न कोई फास्टैग चलता है और न कोई कैश चलता है। ऐसे ही दो मामले ग्वालियर और भिंड में सामने आए हैं जहां टोल नाकों पर बंदूकबाजों का आतंक देखने को मिला। दोनो घटनाएं सीसीटीवी में भी कैद हैं।

ग्वालियर में नेशनल हाईवे 719 पर स्थित टोल टैक्स पर हुई फायरिंग
पहला मामला ग्वालियर में सामने आया है। यहां नेशनल हाईवे 719 पर स्थित बरेठा टोल प्लाजा पर एक शख्स ने फायरिंग कर दी। सोमवार मंगलवार की दरमियानी रात को भिंड से एक कार बरेठा टोल प्लाजा पर पहुंची थी। कार सवार शख्स बरेठा टोल प्लाजा से बिना टैक्स चुकाए ही निकलना चाहता था लेकिन जब बरेठा टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने बिना टैक्स चुकाए कार को निकलने से रोक दिया तो कार चालक का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
Recommended Video

कार से निकल कर कर दी फायरिंग
कार चालक ने गुस्से में आकर अपनी कार से बंदूक निकाली और कार से उतर कर बाहर आ गया। इसके बाद कार चालक ने गोली चला दी। टोल प्लाजा के कर्मचारी इस गोली से बाल-बाल बच गए लेकिन गोली चलने की वजह से टोल प्लाजा पर भगदड़ मच गई। इसके बाद बंदूकधारी शख्स बड़े आराम से कार में आकर बैठ गया और बिना टोल चुकाए अपनी कार लेकर टोल प्लाजा को क्रॉस कर गया।

भिंड से निकल कर आया है दूसरा मामला
टोल नाके पर गुंडागर्दी का दूसरा मामला भिंड जिले से निकलकर सामने आया है। भिंड के लहार मार्ग पर ऊमरी के पास स्थित टोल नाके पर पिछले 4 दिन से लगातार बंदूकधारी बदमाशों द्वारा आतंक मचाया जा रहा है। बंदूकधारी बदमाश टोल नाके पर पहुंचकर टोल पर कर्मचारियों से शराब के लिए पैसे की मांग कर रहे हैं। ऐसा नहीं करने पर कर्मचारियों के सीने पर बदमाश बंदूक तान देते हैं। बंदूक तानने की एक घटना सीसीटीवी में भी कैद हो चुकी है।

टोल टैक्स देने की बजाय वसूला जा रहा हैं टेरर टैक्स
भिंड के हालात इसलिए ज्यादा खराब माने जा रहे हैं कि यहां टोल टैक्स चुकाने की बजाए उल्टा टेरर टैक्स मांगा जा रहा है। पिछले 4 दिन में दो बार बदमाशों द्वारा यहां गोलियां भी चलाई गई हैं। उमरी थाना पुलिस ने टोल नाके के स्टाफ द्वारा बताए गई जानकारी के आधार पर गोलू नाम के एक बदमाश और उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications