ग्वालियर में बीजेपी के पूर्व मंत्री के सामने हाथ जोड़कर रोती रही बीजेपी प्रत्याशी
ग्वालियर में बीजेपी के कार्यक्रम में हुआ पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा का अपमान तो बीजेपी से नाराज हो गया ब्राह्मण समाज, पैर छूकर और हाथ जोड़कर पूर्व मंत्री को मनाती नजर आईं बीजेपी की नगर निगम महापौर प्रत्याशी सुमन शर्मा
ग्वालियर, 2 जुलाई। ग्वालियर में नगर निगम महापौर की बीजेपी प्रत्याशी सुमन शर्मा बीजेपी के ही पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा के पैर पकड़कर और उनके सामने हाथ जोड़कर काफी देर तक रोती रही। यह घटनाक्रम उस वक्त हुआ जब पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा नाराज होकर बीजेपी के कार्यक्रम में से निकल आए और अपने घर आकर बैठ गए। पूर्व मंत्री के नाराज होने से ब्राह्मण समाज ने बीजेपी के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त करना शुरू कर दिया था।

बीजेपी पार्टी द्वारा शनिवार को शहर के एक निजी होटल में कार्यक्रम आयोजित करके बीजेपी का वचन पत्र जारी किया गया था। इस कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए बीजेपी के पूर्व मंत्री एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के भांजे अनूप मिश्रा भी पहुंचे थे लेकिन पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा को मंच पर जगह नहीं मिली।
पत्रकारों के बीच जाकर बैठ गए पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा
मंच पर जब पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा को बैठने के लिए कुर्सी नहीं मिली तो वे मंच के सामने रखी कुर्सियों में पत्रकारों के बीच जाकर बैठ गए। कुछ देर तक तो पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा पत्रकारों के बीच बैठे रहे इसके बाद उन्हें खुद का अपमान महसूस हुआ और वे कार्यक्रम में से उठकर बाहर निकल गए।
कार्यक्रम छोड़कर अनूप मिश्रा पहुंच गए अपने घर
पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा को जब अपना अपमान महसूस हुआ तो वह कार्यक्रम को छोड़कर सीधे अपने घर पहुंच गए और उन्होंने चुनावी जनसंपर्क के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए।

पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा के अपमान की खबर जैसे ही शहर के ब्राह्मण संगठनों को लगी तो उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना विरोध दर्ज कराना शुरू कर दिया। ब्राह्मण संगठनों ने खुले तौर पर अनूप मिश्रा के अपमान को ब्राह्मणों का अपमान बताते हुए बीजेपी को वोट नहीं देने का एलान कर दिया।
ब्राह्मण संगठनों की नाराजगी देखकर बीजेपी में मचा हड़कंप
सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज के संगठनों ने जब बीजेपी खिलाफ मोर्चा खोल दिया तो बीजेपी पार्टी में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा को मनाने की कवायद शुरू कर दी गई। खुद नगर निगम ग्वालियर की महापौर प्रत्याशी सुमन शर्मा पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा के घर उन्हें मनाने के लिए पहुंच गए।
पैर पकड़ कर हाथ जोड़कर रोती रही बीजेपी प्रत्याशी सुमन शर्मा
बीजेपी की नगर निगम महापौर प्रत्याशी सुमन शर्मा पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा के घर पहुंची। यहां उन्होंने पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा को मनाने के लिए पूरी जोर लगा दिया। सुमन शर्मा ने उनके पैर पकड़े, उनके सामने हाथ जोड़े और काफी देर तक उनके सामने बैठ कर आंसू बहाती रही। सुमन शर्मा के साथ मौजूद उनके समर्थकों ने भी पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा को मनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आखिरकार पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा अपना गुस्सा छोड़ कर मान गए। इसके बाद ही बीजेपी पार्टी के नेताओं ने चैन की सांस ली।












Click it and Unblock the Notifications