ग्वालियर विधानसभा से कांग्रेस ने एक बार फिर सुनील शर्मा पर दांव लगाया, प्रद्युम्न सिंह तोमर को देंगे टक्कर
संवाद सूत्र - पंकज श्रीमाली, ग्वालियर
Gwalior News: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने गुरुवार आधी रात को प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी। पहली सूची में छूटी ग्वालियर विधानसभा से कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर से कांग्रेस के सुनील शर्मा पर दांव आजमाया है। सुनील शर्मा पिछला चुनाव भी कांग्रेस से लड़े थे लेकिन बीजेपी के प्रद्युम्न सिंह तोमर से पराजित हुए थे। सुनील शर्मा को ग्वालियर विधानसभा से टिकट मिलने के साथ ही कांग्रेस के ग्वालियर जिले के सभी प्रत्याशी घोषित हो चुके हैं।
कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए आधी रात पार्टी के बचे हुए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी कांग्रेस पार्टी ने जो सूची जारी की है उसमें ग्वालियर विधानसभा से सुनील शर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है सुनील शर्मा ग्वालियर विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता हैं और पूरे दमखम के साथ अपनी दावेदारी ठोक रहे थे। ऐसे में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री तोमर के सामने कांग्रेस पार्टी ने सुनील शर्मा को सबसे भरोसेमंद माना है।

दावेदार ज्यादा होने से अटकी थी ग्वालियर विधानसभा की सूची
आपको बता दें कि ग्वालियर विधानसभा से कांग्रेस पार्टी के सबसे अधिक दावेदार सामने आए थे जिसमें सुनील शर्मा के साथ ही युवक कांग्रेस के नेता मितेंद्र दर्शन सिंह, कांग्रेस प्रवक्ता सौरभ मुन्ना सिंह तोमर, योगेंद्र तोमर, राजेंद्र नाती पूरे दमखम के साथ दावेदारी ठोक रहे थे, ऐसे में पहली लिस्ट में ग्वालियर विधानसभा से नाम घोषित नहीं हो पाया था और अब दूसरी सूची में सुनील शर्मा का नाम फाइनल हुआ है।
ऊर्जा मंत्री को लगातार घेर रहे थे सुनील शर्मा
कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी उठा रहे सुनील शर्मा ग्वालियर विधानसभा में वर्तमान में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को लगातार घेर रहे थे और उपचुनाव के बाद तोमर के खिलाफ उन्होंने कई बड़े आंदोलन भी चलाए और लगातार धरना प्रदर्शन और रैली भी निकाले ऐसे में उनको सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा था।
ग्वालियर जिले से कांग्रेस के सभी प्रत्याशी हुए घोषित
कांग्रेस पार्टी की ओर से ग्वालियर जिले के सभी प्रत्याशी घोषित हो चुके हैं जिसमें ग्वालियर दक्षिण से वर्तमान विधायक प्रवीण पाठक, ग्वालियर पूर्व से वर्तमान विधायक सतीश सिकरवार, ग्वालियर डबरा से वर्तमान विधायक सुरेश राजे, भितरवार विधानसभा से वर्तमान विधायक लाखन सिंह यादव और ग्वालियर ग्रामीण से पार्टी ने साहब सिंह गुर्जर को उम्मीदवार बनाया है।












Click it and Unblock the Notifications