जानिए कैसे जूता कारोबारी के बेटे को बिटकॉइन, शेयर ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगों ने बनाया शिकार,15 लाख की चपत
Gwalior News: ग्वालियर के डबरा में एक जूता कारोबारी के बेटे को ऑनलाइन ठगी का शिकार होना पड़ा है, जिसमें उसे कुल 15.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ठगों ने उसे बिटकॉइन और शेयर ट्रेडिंग में पैसा लगाने के बहाने 40 लाख रुपये का मुनाफा दिखाया, जिसके बाद फर्जी इनकम टैक्स नोटिस भेजकर और पैसे जमा करवा लिए।
20 वर्षीय लक्ष्य खत्री, जो अपने पिता हेमंत खत्री के साथ डबरा में 'शू' शॉप चलाता है, ने ऑनलाइन ठगों द्वारा ठगी की पूरी कहानी उजागर की। 2022 में, लक्ष्य ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी देखी जिसमें कहा गया था कि दो हजार रुपये लगाने पर दो घंटे में दस हजार रुपये का मुनाफा होता है। लालच में आकर उसने पैसे लगाना शुरू कर दिया और शुरू में कुछ लाभ भी मिला।

ठगों ने धीरे-धीरे उसे 40 लाख रुपये का मुनाफा दिखाया। इसके बाद लक्ष्य को मुम्बई इनकम टैक्स डिपार्टमेंट से दो नोटिस मिले, जिनमें कहा गया कि उसे अपने खाते की रकम पर इनकम टैक्स जमा करना होगा। नोटिस में धमकी दी गई थी कि अगर उसने पैसे जमा नहीं किए तो उसके और उसके पिता को गिरफ्तार कर उनकी दुकान को सीज कर दिया जाएगा। इस धमकी से डरकर, लक्ष्य ने 15 लाख 48 हजार रुपये इनकम टैक्स के नाम पर जमा कर दिए।
इसके बाद भी ठगों ने पैसे की मांग जारी रखी। कुछ दिन बाद, लक्ष्य के पिता ने अकाउंट का ऑडिट कराया, जिसमें पता चला कि खाते से काफी लेनदेन हुआ है और वास्तविक मुनाफा नहीं था। इसके बाद, लक्ष्य ने अपने पिता को पूरी घटना की जानकारी दी। व्यापारी बेटे और उसके पिता ने ग्वालियर साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।
साइबर सेल ने शिकायत की जांच की और अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी है और साइबर सेल ठगों को पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications