क्या सिंधिया की कट्टर समर्थक इमरती देवी बागी हो गई? पूर्व मंत्री के वायरल ऑडियो ने मचाया भूचाल
Imarti Devi Audio Viral: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की कट्टर समर्थक पूर्व मंत्री इमरती देवी एक बार फिर से सुर्खियों में है। अक्सर अपने बयानों के लिए चर्चित इमरती देवी का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जिसमें वे कांग्रेस प्रत्याशी का समर्थन करने की बात कहती सुनाई दे रही हैं। लेकिन इमरती देवी ने इस वायरल ऑडियो को झूठा व फर्जी करार दिया है। इस वायरल ऑडियो में दावा किया गया है कि इसमें सुनाई दे रही आवाज कथित तौर पर पूर्व मंत्री इमरती देवी की है। लेकिन इमरती देवी इससे साफ इनकार कर रही हैं।

वायरल ऑडियो में सुनाई दे रहा है कि कथित तौर पर इमरती देवी भिंड लोकसभा सीट पर कांग्रेस के फूल सिंह बरैया और ग्वालियर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार प्रवीण पाठक को वोट डालने को बोल रही हैं। वायरल ऑडियो को लेकर सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि इमरती देवी कथित तौर पर अनुसूचित जाति वर्ग से अपील कर रही हैं कि वे भिंड में फूल सिंह बरैया का सपोर्ट करें और उनको चुनाव जितवा दें।
इसके कारण भांडरे विधानसभा सीट खाली हो जाएगी और फिर उनको भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर भांडेर से चुनाव लड़ने का अवसर मिल जाएगा। इमरती देवी इसमें ग्वालियर में कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण पाठक के लिए भी सक्रिय होने की बात करती सुनाई देती हैं। लेकिन इमरती देवी से इस वायरल ऑडियो में खुद की आवाज होने की बात से साफ इनकार कर दिया।
इमरती देवी का कहना है कि उनके नाम पर ऐसे तमाम ऑडियो, वीडियो सोशल मीडिया पर फर्जी तरीके से बनाकर वायरल किए जाते रहे हैं और इस बार भी ऐसा ही किया गया है।
जो वायरल ऑडियो है, यदि उसकी बात की जाए तो उसमें इमरती देवी कभी ग्वालियर से भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाहा से कुछ मुद्दो को लेकर नाराजगी जाहिर करती सुनाई देती हैं तो कुछ डबरा और दतिया क्षेत्र के बड़े बीजेपी नेताओं की हरकतों को लेकर बात करती हैं।
हालांकि इमरती देवी से जब सीधे तौर पर उनके इस वायरल ऑडियो को लेकर मीडिया के लोग बात कर रहे हैं तो वे इस वायरल ऑडियो को फर्जी बता रही हैं और बोल रही हैं कि वे तो चंदेरी और अशोकनगर में ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए चुनाव प्रचार कर रही हैं और वहां से वापस आने पर वे ग्वालियर पुलिस अधीक्षक से मिलकर इस फर्जी ऑडियो को वायरल करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगी।












Click it and Unblock the Notifications