गरीब के निवाले पर तीन महीने से फन फैलाए बैठा है जहरीला सांप, मामला जानकर रह जाएंगे हैरान
मुरैना में हितग्राहियों को सांप का डर दिखाकर नहीं बांटा गया 3 महीने का राशन, हितग्राहियों ने की शिकायत
मुरैना, 31 अगस्त। चंबल अंचल के मुरैना जिले में गरीबों के निवाले पर एक सांप पिछले 3 महीने से फन फैलाए बैठा हुआ है। इस जहरीले सांप की वजह से सैकड़ों गरीब लोग निवाले के लिए तरस रहे हैं। इस सांप के सामने जनता के साथ-साथ अधिकारी भी बेबस नजर आ रहे हैं। किसी की इतनी हिम्मत भी नहीं कि सांप के चंगुल से गरीबों का राशन भी निकाल कर ला सके। क्या है पूरा मामला आइए आपको बताते हैं।

कृषक सेवा सहकारी संस्था डोंगरपुर मानगढ़ का है मामला
कैलारस इलाके में स्थित कृषक सेवा सहकारी संस्था डोंगरपुर मानगढ़ के अंतर्गत आने वाले आंतरी और डोंगरपुर मानगढ़ के उपभोक्ताओं को पिछले 3 महीने से सरकार द्वारा मिलने वाला खाद्यान्न नसीब नहीं हो सका है। जब भी हितग्राही राशन लेने के लिए सहकारी संस्था पर पहुंचते हैं तो यहां सेल्समैन द्वारा हितग्राहियों से कह दिया जाता है कि गोदाम में अभी सांप बैठा है इसलिए राशन का वितरण नहीं किया जा सकता है क्योंकि गोदाम में अगर घुसे तो जान का खतरा हो सकता है।

बार-बार सेल्समैन दे रहा है एक ही जवाब
हितग्राही राशन पाने के लिए सहकारी संस्था के बार-बार चक्कर लगा रहे हैं और सहकारी संस्था का सेल्समेन सांप का डर दिखाकर हर बार हितग्राहियों को बिना राशन दिए ही वापस लौटा देता है। ऐसा लगातार तीन महीने से हो रहा है। 3 महीने बीतने को आए लेकिन गोदाम का सांप अभी तक बाहर नहीं निकला है और यही वजह है कि सेल्समैन गोदाम के अंदर दाखिल नहीं हुआ। यह दावा सेल्समेन का ही है कि गोदाम के अंदर सांप मौजूद है।

अधिकारियों से भी की शिकायत लेकिन नहीं हुआ कोई फायदा
आंतरी और डोंगरपुर मानगढ़ के हितग्राहियों ने मिलकर खाद्यान्न नहीं मिलने की शिकायत अधिकारियों से की। बार-बार शिकायत करने के बावजूद भी अधिकारियों ने इस मामले में दिलचस्पी नहीं दिखाई है। इसे सांप का डर कहें या भ्रष्टाचार की चरम सीमा, कि अधिकारी इस मामले में कोई भी कार्यवाही करने को अभी तक तैयार नहीं हुए।

एसडीएम के नाम भी सौंप चुके हैं ज्ञापन
सांप का डर दिखाकर 3 महीने का राशन डकारने के मामले में हितग्राहियों ने बीते रोज पीडब्ल्यूडी के रेस्ट हाउस पहुंचकर तहसीलदार भरत कुमार को ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन एसडीएम के नाम सौंपा गया है जिसमें इस बात की शिकायत की गई है कि बीते 3 महीने से हितग्राहियों को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री योजना के तहत दिया जाने वाला राशन वितरित नहीं किया गया है, लेकिन अभी तक अधिकारियों ने इस मामले को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई है।

जहरीले सांप से भी ज्यादा खतरनाक है भ्रष्टाचार का सांप
सहकारी संस्था का सेल्समैन हितग्राहियों को लगातार 3 महीने से सांप का डर दिखा कर राशन नहीं दे रहा है। सेल्समैन की बातों से लगता है कि वह हितग्राहियों को राशन बांटना ही नहीं चाहता है। जहरीले सांप का डर दिखाकर असल में गरीबों के खाद्यान्न पर भ्रष्टाचार का सांप अपना फन फैलाए बैठा हुआ है और इस सांप के सामने गरीब बेबस लोग हाथ जोड़े खड़े नजर आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications