ब्राह्मण महासभा के बाद अब ओबीसी महासभा ने किया ग्वालियर में प्रदर्शन
ग्वालियर में ओबीसी महासभा ने प्रदर्शन करते हुए प्रीतम सिंह लोधी के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले ब्राह्मण समाज पर कार्रवाई की मांग की है
ग्वालियर, 20 अगस्त। ग्वालियर में एक बार फिर से जातिगत राजनीति शुरू हो गई है। 2 दिन पहले ब्राह्मण महासभा द्वारा पूर्व बीजेपी नेता प्रीतम सिंह लोधी के खिलाफ एसपी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई करने की मांग की गई थी, वहीं शनिवार को ओबीसी महासभा द्वारा एसपी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन करते हुए ब्राह्मण समाज के लोगों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई। इसके साथ ही बीजेपी पार्टी पर जातिवाद पार्टी होने का आरोप भी लगाया गया।

एसपी ऑफिस के बाहर ओबीसी महासभा ने किया प्रदर्शन
शनिवार को एसपी ऑफिस के बाहर ओबीसी महासभा द्वारा प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने जमकर बीजेपी के तमाम मंत्रियों के खिलाफ नारेबाजी की। इतना ही नहीं प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी पर जातिवाद पार्टी होने का आरोप भी लगा डाला। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के सामने काफी देर तक एसपी ऑफिस के बाहर हंगामा किया।

ब्राह्मण समाज के लोगों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग
ओबीसी महासभा द्वारा प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियों से मांग की गई कि ब्राह्मण समाज के लोगों पर एफआईआर दर्ज की जाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि ब्राह्मण समाज द्वारा ओबीसी नेता प्रीतम सिंह लोधी को जान से मारने की धमकी दी गई थी इसीलिए ब्राह्मण समाज के लोगों पर एफआईआर दर्ज की जाए।

प्रशासन ने मांगा 2 दिन का वक्त
ओबीसी महासभा के प्रदर्शन को देखकर मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए। यहां ओबीसी महासभा के हंगामे को देखते हुए प्रशासन ने ओबीसी महासभा से 2 दिन का वक्त मांगा है। प्रशासन का कहना है कि 2 दिन में जांच करके संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ओबीसी महासभा ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
ओबीसी महासभा ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। ओबीसी महासभा का कहना है कि हमने 2 दिन का वक्त प्रशासन को दे दिया है अगर प्रशासन ने 2 दिन में एफआईआर दर्ज नहीं की तो ओबीसी महासभा द्वारा ग्वालियर में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

प्रीतम सिंह लोधी पर कार्रवाई की मांग करते हुए ब्राह्मण समाज ने किया था प्रदर्शन
पूर्व बीजेपी नेता प्रीतम सिंह लोधी पर कार्रवाई की मांग करते हुए ब्राह्मण समाज द्वारा 2 दिन पहले एसपी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस से मांग की थी कि बीजेपी नेता प्रीतम सिंह लोधी ने ब्राह्मणों को लेकर अमर्यादित शब्दों का उपयोग किया है इसलिए प्रीतम सिंह लोधी पर कार्रवाई की जाए।

प्रीतम सिंह लोधी ने शिवपुरी में दिया था आपत्तिजनक बयान
पूर्व बीजेपी नेता प्रीतम सिंह लोधी ने शिवपुरी में ब्राह्मणों को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था। शिवपुरी के खरैह गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रीतम सिंह लोधी ने ब्राह्मणों को लेकर अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था और वायरल वीडियो के बाद ब्राह्मण समाज द्वारा ग्वालियर में प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शनकारियों ने प्रीतम सिंह लोधी पर कार्रवाई की मांग की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications