Gwalior News: नरेंद्र सिंह तोमर का बयान, PM मोदी 2 को ग्वालियर और 5 अक्टूबर को जबलपुर दौर पर, देंगे कई सौगातें
MP News: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव होने में अब कुछ ही महीने का समय शेष रह गया है। इस बीच केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 तारीख को ग्वालियर और 5 तारीख को जबलपुर आएंगे। पीएम शहर वासियों को कई महत्वपूर्ण योजनाओं की सौगात देंगे।
वहीं 1 अक्टूबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह राजधानी भोपाल पहुंच रहे हैं। जहां वे भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रवासी बीजेपी लीडर्स का प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे। भाजपा द्वारा दूसरी सूची में दिग्गज नेताओं को चुनावी मैदान में उतरने के बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि केंद्रीय नेतृत्व मध्य प्रदेश की चुनावी कमान अपने हाथों में ले लेगा और अब ऐसा ही होता नजर आ रहा है।

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 24 घंटे काम करने वाले व्यक्तियों में से एक है। हमारे लिए खुशी की बात है कि वह 2 तारीख को ग्वालियर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रदेश में दौरा होता है तो जनता और कार्यकर्ताओं के बीच एक नई ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के आगमन पर ग्वालियर वासियों को कई सौगातें मिलेगी।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 सितंबर को राजधानी भोपाल में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ में शामिल होने पहुंचे थे जहां पर उन्होंने कांग्रेस की सरकारों और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा था।
पीएम मोदी के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है उनकी सुरक्षा व्यवस्था और यातायात रूट को लेकर बैठकों का दौर जारी है। बताया जा रहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी ग्वालियर के मेला ग्राउंड में एक विशाल जनसभा को संबोधित करने के साथ कई सौगातें ग्वालियर वासियों को देंगे। पीएम के दौरे को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा ने बताया कि 2 अक्टूबर को ग्वालियर में पीएम नरेंद्र मोदी के दौरे की सूचना मिली है। इसको लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। VVIP रूट को लेकर प्लान तैयार किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications