जयविलास पैलेस बन गया है बीजेपी का नया पावर सेंटर
बीजेपी का नया पावर सेंटर बन गया है सिंधिया का महल जयविलास पैलेस, टिकट के लिए महल में लगा बीजेपी नेताओं का जमावड़ा
ग्वालियर, 9 जून। ग्वालियर-चंबल में बीजेपी की राजनीति का नया पावर सेंटर जयविलास पैलेस बन गया है। इसकी बानगी भी गुरुवार को उस वक्त देखने को मिली जब ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्वागत में ग्वालियर रेलवे स्टेशन से लेकर जयविलास पैलेस के अंदर तक सैकड़ों हजारो बीजेपी कार्यकर्ताओं की भीड़ देखने को मिली। चुनावी मैदान में उतरने के लिए अपने अपने बायोडाटा के साथ सिंधिया से मिलने के लिए बीजेपी नेता इंतजार करते हुए नजर आए।

गुरुवार को ग्वालियर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्वागत के लिए रेलवे स्टेशन पर बीजेपी कार्यकर्ता सैकड़ों की संख्या में कतार में खड़े नजर आए। बीजेपी कार्यकर्ता अपने अपने हाथों में फूल माला लिए हुए थे और अपने महाराज का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही ज्योतिरादित्य सिंधिया रेलवे स्टेशन पर पहुंचे तो बीजेपी कार्यकर्ताओं ने एक-एक करके उन्हें पुष्पहार पहनाया और पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।

ग्वालियर रेलवे स्टेशन से लेकर जय विलास पैलेस तक बीजेपी कार्यकर्ताओं का हुजूम देखने को मिला। हर बीजेपी कार्यकर्ता महाराज ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिलने के लिए बेताब नजर आया। ज्योतिरादित्य सिंधिया की गाड़ी के आसपास बीजेपी कार्यकर्ताओं की सैकड़ों की संख्या में भीड़ चलती हुई नजर आई।

ज्योतिरादित्य सिंधिया जब जयविलास पैलेस में पहुंचे तो यहां बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा हुआ था। सैकड़ों की संख्या में यहां बीजेपी नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। ज्यादातर बीजेपी नेता अपने अपने हाथों में अपना बायोडाटा लेकर महाराज से मिलने के लिए खड़े हुए थे।
सिंधिया ने कार्यकर्ताओं से महल में की मुलाकात
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने महल में मौजूद कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। एक-एक करके बीजेपी नेता और कार्यकर्ताओं से बातचीत की। जो बीजेपी नेता चुनाव लड़ने की इच्छा लेकर टिकट मांगने के लिए सिंधिया के पास पहुंचे थे, सिंधिया ने उनकी भी बात को पूरी तरह सुना।

ग्वालियर चंबल में बीजेपी का पावर सेंटर अब जय विलास पैलेस बनकर सामने आया है। कम से कम गुरुवार के दिन तो ऐसा ही नजारा देखने को मिला। ऐसा लग रहा था मानो नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में टिकट फाइनल करने वाले सिर्फ और सिर्फ महाराज ज्योतिरादित्य सिंधिया ही हैं। कुल मिलाकर बीजेपी का पावर सेंटर अब सिंधिया का महल ही बन गया है।












Click it and Unblock the Notifications