चार दोस्तों पर चढ़ गई तेज रफ्तार कार, घटना सीसीटीवी में हुई कैद
ग्वालियर में हिट एंड रन का मामला सामने आया है, तेज रफ्तार कार ने 4 दोस्तों को टक्कर मारी और कार चालक कार को मौके से लेकर फरार हो गया।
ग्वालियर, 31 मई। ग्वालियर में हिट एंड रन का मामला सामने आया हैं। यहां एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर बातचीत कर रहे चार दोस्तों को कुचल दिया। घटना के बाद कार चालक कार को मौके से लेकर फरार हो गया। हालांकि यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

तानसेन नगर में हुआ हादसा
हिट एंड रन का यह पूरा मामला तानसेन नगर के इलाके का है। घटना सोमवार की बताई गई है। जब चार दोस्त सड़क पर आपस में बात कर रहे थे और उन्हें तेज रफ्तार कार के चालक ने कुचल दिया। चारों घायल दोस्तों को उपचार के लिए अलग-अलग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया हादसा
तानसेन नगर में छात्रों को कुचलने का यह हादसा वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। कैमरे में दिखाई दे रहा है कि स्विफ्ट डिजायर कार तेज रफ्तार से आती है और स्कूटर पर बैठे दोस्तों को कुचल देती है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार नंबर एमपी 07 सीके 8226 सामने आने पर पुलिस ने कार चालक की तलाश भी शुरू कर दी हैं।
नशे में धुत बताया गया है कार चालक
जिस वक्त यह घटना हुई उस वक्त वहां कई लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार चालक नशे में धुत लग रहा था। छात्रों को टक्कर देने के बाद कार एक तरफ मुड़ गई, जिसको ड्राइवर ने पहले थोड़ा पीछे लिया और इसके बाद कार को सीधा करके वहां से निकल गया।
मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यह घटना सोमवार की है लेकिन इसका वीडियो मंगलवार को ग्वालियर में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। सोशल मीडिया पर वायरल होती हुई वीडियो पुलिस के पास भी पहुंच गया। पुलिस ने फिलहाल घायल छात्रों की शिकायत पर से कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।












Click it and Unblock the Notifications