स्व माधवराव का कौन सा सपना हुआ पूरा? मंत्री बनने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिया बड़ा तोहफा
Gwalior International Stadium: केंद्रीय मंत्री बनने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया आज पहली बार ग्वालियर पहुंचे। जहां कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। सिंधिया ने कहा कि जीत के लिए वह ग्वालियर की जनता का पैर छूकर प्रणाम करते हैं।
ग्वालियर में नवनिर्मित स्टेडियम के उद्घाटन और मध्य प्रदेश लीग को लेकर उन्होंने कहा कि आज मेरे पूज्य पिताजी माधवराव सिंधिया का इंटरनेशनल स्टेडियम का सपना पूरा होने जा रहा है।

210 करोड़ की लागत से बने स्टेडियम का उद्घाटन शनिवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, बीसीसीआई सेक्रेटरी जय शाह और पूर्व क्रिकेटर कपिल देव की मौजूदगी में किया गया। आज से ही इस स्टेडियम में IPL की तर्ज पर मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL) का शुरुआत हुआ है।
नवगठित मोदी सरकार में दूरसंचार विभाग मिलने पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, मैं धन्यवाद अर्पित करना चाहता हूं नरेंद्र मोदी जी का कि उन्होंने मुझे संचार मंत्रालय, डाक विभाग और उत्तर पूर्वी राज्यों के विकास की जिम्मेदारी दी है। जिस तरीके से मैने इस्पात और नागर विमानन के क्षेत्र में कार्य किया है और उस पर पूर्ण रूप से पिछले 6 दिनों से शुरुआत कर ली है। मेरी यही कोशिश रहेगी कि प्रधानमंत्री जी आशा और अभिलाषाओं पर इन दोनों विभागों में मैं खरा उतर पाऊं।
सिंधिया नाइट स्टे ग्वालियर में करेंगे और 16 जून को दिल्ली के लिए रवाना होंगे। सिंधिया के अलावा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शनिवार को ग्वालियर दौरे पर हैं। आज उन्होंने ग्वालियर को 179 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी है। जल गंगा संवर्धन अभियान" के तहत सागर ताल पर जनप्रतिनिधियों के साथ श्रमदान किया।
सिंधिया की बड़ी जीत
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस लोकसभा चुनाव में गुना सीट से जीत दर्ज की है। सिंधिया ने कांग्रेस उम्मीदवार यादवेंद्र सिंह को 5 लाख 40 हजार 929 वोटों से हराया है। सिंधिया ने पिछली मोदी सरकार में केंद्रीय नागरिक उड्डयन और इस्पात मंत्री थे। इस बार उन्हें संचार और उत्तर पूर्वी राज्यों के विकास मामलों का मंत्री बनाया गया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस की मनमोहन सिंह की सरकार में भी केन्द्रीय मंत्री रहे हैं। हालांकि वे बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications