36 दिन से नौकरी के लिए लगातार पैदल चल रहे हैं 100 से अधिक युवा
अर्ध सैनिक बल में नौकरी के लिए एक सैंकड़ा से ज्यादा युवाओं की टोली नागपुर से दिल्ली तक कर रही है पैदल मार्च
ग्वालियर, 7 जुलाई। नागपुर से 100 से ज्यादा युवाओं का झुंड नौकरी की मांग करते हुए दिल्ली कूच कर गया है। युवाओं के इस झुंड ने यह शपथ ली है कि या तो वह अपनी नौकरी लेंगे या फिर अपनी जान दे देंगे। अर्ध सैनिक बल में भर्ती होने के लिए यह युवा सारे टेस्ट पास कर चुके हैं लेकिन सरकार की तरफ से इन्हें नियुक्ति नहीं दी गई है। अपनी नियुक्ति की मांग करते हुए युवाओं की एक टोली नागपुर से दिल्ली तक पैदल मार्च कर रही है।

2018 में सरकार ने निकाली थी अर्धसैनिक बल के लिए भर्ती
नागपुर से दिल्ली पैदल मार्च कर रहे युवाओं ने बताया कि साल 2018 में सरकार द्वारा अर्धसैनिक बल में भर्ती के लिए 60210 वैकेंसी निकाली थी लेकिन सरकार ने 55 हजार पद भरने के बाद बाकी जगह में भर्ती नहीं की, इसलिए हजारों युवा बेरोजगार रह गए।
सारे टेस्ट पास कर चुके हैं युवा
पैदल मार्च कर रहे युवाओं का कहना है कि उन्होंने नौकरी पाने के लिए सरकार द्वारा तय किए गए सारे टेस्ट पास कर लिए है। मेडिकल हो चुका है लेकिन बावजूद इसके युवाओं को नौकरी नहीं दी गई है। यही वजह है कि युवा अपने हक की नौकरी पाने के लिए सरकार से गुहार लगा रहे हैं।
खाली पद भरने की मांग लेकर दिल्ली मार्च कर रहे युवा
नौकरी नहीं मिलने से परेशान युवाओं ने नागपुर से दिल्ली तक पैदल जाने का निर्णय लिया और उन्होंने 36 दिन पहले नागपुर से अपना पैदल मार्च भी शुरू कर दिया। यहां ग्वालियर आते-आते युवाओं की टोली में मौजूद कुछ लोगों की तबीयत भी खराब हो गई। युवाओं के साथ पैदल मार्च में युवतियां भी शामिल है। वह भी भीषण गर्मी में कंधे से कंधा मिलाकर नौकरी पाने के लिए पैदल मार्च कर रही हैं। उन्हें भी कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जहां थक जाते हैं वहां कर लेते हैं आराम
पैदल मार्च कर रहे युवाओ का कहना है कि वे लगातार 36 दिन से चल रहे हैं। जहां वे थक जाते हैं, जहां बारिश हो जाती है तो वे उसी जगह रास्ते में रुक जाते हैं। तेज धूप, तेज बारिश और तेज गर्मी का सामना करते हुए यह युवा लगातार दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं।
खाने पीने की नहीं है कोई व्यवस्था
पैदल मार्च कर रहे युवाओं का कहना है कि उनके पास खाने-पीने की भी कोई व्यवस्था नहीं है। अगर कोई उन्हें खाना दे देता है तो वह खाना खा लेते हैं नहीं तो भूखे पेट ही पैदल चलते रहते हैं। उन्हें सरकार से उम्मीद है कि सरकार उनकी सुनवाई जरूर करेगी।
जंतर मंतर पर देंगे धरना
युवाओं का कहना है कि वे दिल्ली पहुंचकर वहां जंतर मंतर पर धरना देंगे और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करें।गे जंतर मंतर पर धरना देकर वे गृह मंत्री के सामने अपनी बात रखेंगे और उनसे गुहार लगाएंगे कि अर्धसैनिक बल के जो पद खाली पड़े हैं उन्हें उसमें नियुक्ति दी जाए क्योंकि वे सारे टेस्ट पास कर चुके हैं अब उन्हें सिर्फ अपनी नियुक्ति का ही इंतजार है।












Click it and Unblock the Notifications