भिंड : शादी की खुशियां मातम में बदली, बारात रवाना होने से पहले दूल्हे ने की खुदकुशी
ग्वालियर, 10 फरवरी। मध्य प्रदेश के भिंड में शादी की खुशियां मातम में बदल गई। जहां देर शाम तक मंगलगीत गाए जा रहे वहां सुबह चीख पुकार मच गई। शादी में सिर पर सेहरा सजने से पहले उसने खुदकुशी कर ली।
उधर, दुल्हन पक्ष बारात का इंतजार कर रहा था और इधर, दूल्हे के परिजन निकासी की तैयारी कर रहे थे। इस बीच दूल्हे की आत्महत्या ने हर किसी की आंखें नम कर दी।

जानकारी के मुताबिक भिंड के ग्वालियर रोड निवासी 27 वर्षीय युवक की नौ फरवरी को शादी होने वाली थी। बारात भिंड की ही हाउसिंग कॉलोनी जाने वाली थी। शादी तीन महीने पहले ही तय हुई थी।
शादी के लिए दुल्हन का परिवार बारात का स्वागत करने के लिए तैयार था। दूल्हा-दुल्हन के परिवारों में शादी की खुशियां मनाई जा रही थी। 8 फरवरी की रात युवक को दूल्हा बनने की तैयारी चल रही थी। मंडप में उसकी तेल- मेंहदी की रस्म होने वाली थी। खुशियों के गीत बज रहे थे, परिवार के लोग नाच रहे थे।
इसी बीच दूल्हे ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे ग्वालियर के अस्पताल लेकर पहुंचे, मगर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
परिजन युवक को वापस भिंड लाए और उसका अंतिम संस्कार किया। घटना के बाद भिंड में शोक की लहर है। दूल्हे द्वारा आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया।












Click it and Unblock the Notifications