Gwalior News: खड़ी कार को कंटेनर ने उड़ाया, ASP का परिवार घायल, पुलिस जवान की मौत
Gwalior News: ग्वालियर में एडिशनल एसपी के तौर पर पदस्थ गजेंद्र सिंह वर्द्धमान की खड़ी कर में एक तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनके आरक्षक ड्राइवर अजय वास्कले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एसपी की पत्नी व बच्चे घायल हो गए।
देर रात घाटीगांव थाना इलाके में हाईवे पर हुए हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई, जिसे घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

हादसा शनिवार अलसुबह करीब 4 बजे आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर घाटीगांव बनखेड़ी मंदिर के पास हुआ। पुलिस ने पनिहार के पास ट्रक को पकड़ लिया, लेकिन ट्रक चालक फरार हो गया।
ग्वालियर में पदस्थ अतिरिक्त एसपी पश्चिम गजेन्द्र सिंह वर्धमान की सास का बड़वानी में निधन हो गया था। उनकी अंतिम विदाई में शामिल होने के लिए वे परिवार के साथ बड़वानी गए थे। शनिवार रात को वे फॉर्च्यूनर कार से पत्नी अर्चना, बेटी इशिका और बेटा चेतन्य के साथ ग्वालियर वापस लौट रहे थे। कार को उनके सरकारी वाहन के चालक, सिपाही अजय बास्कले (30) चला रहा था।
एएसपी ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर कार का टायर पंक्चर हो गया। ड्राइवर अजय बास्कले ने कार को सड़क किनारे पार्क किया और टायर बदलने के बाद स्टेपनी को गाड़ी में रख रहे थे। अंधेरे के कारण मैं अजय को टॉर्च दिखा रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने साइड से कार में टक्कर मार दी। यह सब इतनी तेजी से हुआ कि कुछ समझ में नहीं आया।
मेरी आंखों के सामने सब कुछ गायब हो गया। कार करीब 35 से 40 फीट दूर झाड़ियों में घुस गई। जब मैं कार के पास पहुंचा और अंदर देखा, तो पत्नी और बच्चों को चोटें लगी थीं। अजय के ऊपर से ट्रक का पहिया गुजर गया था और उसका चेहरा खून से सना हुआ था। अजय की मौके पर ही मौत हो गई। मुझे भी चोटें आई हैं।
वाहन चालक ट्रक को टोल से पहले ही छोड़कर फरार
हादसे के बाद घाटीगांव पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। ट्रक चालक को पकड़ने के लिए पनिहार टोल पर घेराबंदी की गई, लेकिन आरोपी वाहन चालक ट्रक को टोल से पहले ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है।
सिपाही अजय बास्कले की शादी तीन साल पहले हुई थी। वह 2018 में पुलिस में भर्ती हुआ था और मूल रूप से इंदौर का निवासी था। उसकी दो साल की एक बेटी है, और पत्नी के साथ वे ग्वालियर पुलिस लाइन में रहते हैं। अजय की मौत की खबर सुनते ही उसके परिजन इंदौर से ग्वालियर के लिए रवाना हो गए हैं। पत्नी को सुबह तक पति की मौत की सूचना नहीं दी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications