MP News: राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से पहले अचानक MP पहुंचेंगे अमित शाह, BJP का प्लान तैयार
Bharat Jodo Nyay Yatra: मध्य प्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से पहले,केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आगामी लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की 29 सीटों पर फतह हासिल करने के लिए अमित शाह 25 फरवरी को प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। तो वहीं 2 मार्च को राहुल गांधी की यात्रा प्रदेश में ग्वालियर चंबल से प्रवेश करेगी।

बीजेपी का कहना है जहां-जहां राहुल की यात्रा पहुंची है वहां बीजेपी को फायदा हुआ है। कांग्रेस ने भी पलटवार करते हुए कहा है कि राहुल गांधी की आंधी से बीजेपी भयभीत है।
लोकसभा चुनाव का बिगुल बजने से पहले कांग्रेस और बीजेपी की नजर मध्य प्रदेश की 29 सीटों पर है। विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद एक बार फिर राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 25 फरवरी को लोकसभा क्लस्टर की चारों लोकसभा सीटों की प्रबंध समितियों की बैठक लेने ग्वालियर चंबल -अंचल के दौरे पर आ रहे हैं।
जहां अमित शाह 2 मार्च को प्रदेश में ग्वालियर अंचल से प्रवेश करने जा रही राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से पहले कांग्रेस को घेरने की रणनीति अंचल के बड़े नेताओं के साथ बैठकर तैयार करेंगे और भिंड,मुरैना, ग्वालियर और गुना संसदीय क्षेत्र के 400 से अधिक नेता और कार्यकर्ताओं से संवाद कर लोकसभा चुनाव जीतने का मंत्र देंगे।
लेकिन दोनों नेताओं के दौरे से पहले राजनीतिक गलियारे में कांग्रेस- बीजेपी के बीच बयान बाजी जारी है। एक और बीजेपी ने जहां राहुल गांधी की यात्रा पर तंज कसते हुए कहा है कि जहां-जहां राहुल की यात्रा गई है कांग्रेस को नुकसान हुआ है कई कांग्रेसी बीजेपी में शामिल हुए हैं तो कहीं उनकी यात्रा का बहिष्कार हुआ है।
दूसरी और कांग्रेस ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि हमारी अमित शाह ही नहीं नरेंद्र मोदी को भी चुनौती है ग्वालियर अंचल और प्रदेश में आकर दिखा दें ? क्योंकि जनमत कांग्रेस के साथ है। बीजेपी राहुल गांधी की यात्रा से डरी हुई है इसलिए अमित शाह के दौरे शुरू हो गए हैं।
मुरैना से ग्वालियर में प्रवेश करेगी राहुल गांधी की न्याय यात्रा
गौरतलब है कि 2 मार्च को मध्य प्रदेश में राहुल गांधी की यात्रा में बड़ा परिवर्तन किया गया है अब राहुल गांधी की यात्रा दतिया की बजाय ग्वालियर- चंबल (मुरैना)से प्रवेश करेगी। राहुल गांधी नुक्कड़ सभाओं और रोड शो के जरिए लोगों को संबोधित करेंगे और सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में प्रवेश करेंगे। लेकिन राहुल गांधी की यात्रा से पहले अमित शाह का दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। देखना होगा बीजेपी के चाणक्य अमित शाह लोकसभा चुनाव जीतने के साथ साथ कांग्रेस के युवराज को घेरने की क्या रणनीति बनाते हैं।
संवाद सूत्र: पंकज श्रीमाली ग्वालियर/मध्य प्रदेश












Click it and Unblock the Notifications