ग्वालियर में ब्लैकमेलिंग का जरिया बन गई है सीएम हेल्पलाइन योजना
ग्वालियर में सीएम हेल्पलाइन का दुरुप्रयोग करते हुए की जा रही है ब्लैकमेलिंग, कलेक्टर ने लिया संज्ञान
ग्वालियर, 13 अगस्त। परेशान लोगों की सुनवाई करने के लिए शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन योजना अब ब्लैकमेलिंग का साधन बनती जा रही है। ग्वालियर में ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जिनमें सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करके अपने मनमाफिक काम करवाए गए हैं। ऐसे मामलों को लेकर अब ग्वालियर कलेक्टर ने सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है।

सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करके बनाया गया दबाव
ग्वालियर जिले की आरोन पाटई गांव में रहने वाले केदार सिंह ने गांव के ही सचिव के खिलाफ सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत कर दी। इन शिकायतों को बंद करवाने के लिए जब सचिव भूप सिंह यादव ने केदार सिंह से संपर्क किया तो केदार सिंह ने गांव के मंदिर की पुताई करवाने की शर्त रख दी। सचिव ने शिकायत बंद कराने की खातिर गांव के मंदिर की पुताई करवा दी। इसके बाद शिकायतकर्ता केदार सिंह ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायत बंद कर दी।
दूसरी बार शिकायत करके रिचार्ज करवा लिया अपना मोबाइल फोन
एक बार सचिव पर दबाव बनाकर केदार सिंह समझ गया कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करके वह आसानी से किसी भी शासकीय कर्मचारी या अधिकारी पर दबाव बनाकर अपना काम करवा सकता है। यही सोचकर केदार सिंह ने एक बार फिर से सचिव भूप सिंह यादव की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में कर दी। इस बार भूप सिंह यादव ने जब केदार सिंह से बातचीत की तो केदार सिंह ने अपना मोबाइल रिचार्ज करने की शर्त रख दी। बेचारे भूप सिंह को सीएम हेल्पलाइन की शिकायत बंद करवानी थी लिहाजा भूप सिंह ने शिकायतकर्ता केदार सिंह के मोबाइल में ₹249 का रिचार्ज करवाया।
किठौदा निवासी एक ग्रामीण कर चुका है डेढ़ सौ शिकायतें
किठौदा गांव में रहने वाला अशोक कुमार जाटव तो अब तक सीएम हेल्पलाइन पर तकरीबन डेढ़ सौ शिकायतें कर चुका है। अशोक कुमार जाटव की तरह ही अन्य लोग भी लगातार अपनी मनमानी करने या अधिकारी-कर्मचारियों पर दबाव बनाने के लिए सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतें कर रहे हैं। जिससे अधिकारी कर्मचारी भी परेशान हो रहे हैं।
कलेक्टर ने दिए कार्यवाही करने के निर्देश
सीएम हेल्पलाइन का दुरुपयोग करते हुए ब्लैकमेलिंग करने के मामले की जानकारी जब ग्वालियर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह को लगी तो ग्वालियर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने इस तरह की शिकायतें कर ब्लैकमेलिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि शासन द्वारा दी जा रही इस सुविधा का अगर गलत उपयोग किया जा रहा है तो नियम अनुसार इस पर कार्रवाई भी की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications