Indian Railway: लखनऊ चारबाग स्टेशन पर 2 दिन के लिए बंद हुए प्लेटफार्म, दर्जनों ट्रेनें डायवर्ट
Indian Railways: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सबसे व्यस्त चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार और पांच पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक शेड हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने बेहद सख्त कदम उठाया है। मलबे को हटाने और मरम्मत कार्य को युद्धस्तर पर पूरा करने के लिए रेलवे द्वारा रविवार और सोमवार को 'पावर ब्लॉक' लेने का फैसला किया गया है।
इस इमरजेंसी ब्लॉक के कारण लखनऊ आने और यहां से गुजरने वाली दर्जनों महत्वपूर्ण ट्रेनों के पहिये थम गए हैं और उन्हें अब वैकल्पिक यानी बदले हुए रूट से चलाया जा रहा है। आइए जानतें हैं रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा व सुचारू आवाजाही के लिए क्या गाइडलाइंस जारी की हैं।

ट्रेनों का नया रूट और यात्रियों के लिए जरूरी निर्देश
बदले हुए मार्ग से चलेंगी ये प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें
शेड हादसे के कारण चारबाग स्टेशन से गुजरने वाली कई एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट में तात्कालिक बदलाव किया गया है। अब ये ट्रेनें लखनऊ स्टेशन पर आने की बजाय बाहरी स्टेशनों पर रुकेंगी:
- त्रिवेणी एक्सप्रेस (15074/15076 टनकपुर-सिंगरौली/शक्तिनगर): यह ट्रेन अब परिवर्तित मार्ग आलमनगर-ट्रांसपोर्ट नगर-उतरेठिया के रास्ते चलाई जा रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए इसका ठहराव अब आलमनगर और उतरेठिया स्टेशनों पर तय किया गया है।
- सिंगरौली-टनकपुर एक्सप्रेस (15073): यह ट्रेन भी चारबाग (लखनऊ) स्टेशन न आकर सीधे उतरेठिया और आलमनगर स्टेशनों पर रुकेगी।
- बनारस-देहरादून जनता एक्सप्रेस (15119): रविवार और सोमवार को यह ट्रेन बदले हुए रूट उतरेठिया और आलमनगर स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
- गोरखपुर-आनन्द विहार एक्सप्रेस (12571): इस ट्रेन को अब बाराबंकी-मल्हौर-ऐशबाग के रास्ते डायवर्ट किया गया है।
- गोरखपुर-साबरमती एक्सप्रेस (19410): 1 जून को यह ट्रेन बाराबंकी-मल्हौर-ऐशबाग-कानपुर के रास्ते अपने गंतव्य को जाएगी।
- गोरखधाम एक्सप्रेस (12555 गोरखपुर-बठिंडा): 31 मई और 1 जून को यह ट्रेन बादशाहनगर और ऐशबाग के रास्ते चलाई जा रही है।
- अवध आसाम एक्सप्रेस (15909 डिब्रुगढ़-लालगढ़): 31 मई और 1 जून को इस ट्रेन को बुढ़वल-सीतापुर-शाहजहांपुर के रास्ते भेजा गया है।
- सहरसा-अमृतसर एक्सप्रेस (12203): 31 मई को यह ट्रेन बुढ़वल-सीतापुर जंक्शन-शाहजहांपुर के रास्ते अपनी दूरी तय करेगी।
चारबाग की बजाय 'लखनऊ जंक्शन' से चलेंगी ये गाड़ियां
यात्रियों की भारी भीड़ को संभालने और चारबाग स्टेशन पर दबाव कम करने के लिए कुछ ट्रेनों को लखनऊ जंक्शन (NER) पर शिफ्ट कर दिया गया है:
- एलटीटी एसी सुपरफास्ट (22122/22121): लखनऊ से मुंबई जाने वाली यह ट्रेन रविवार को चारबाग की बजाय लखनऊ जंक्शन से रवाना होगी, और वापसी में भी जंक्शन पर ही आकर रुकेगी।
- कानपुर-लखनऊ मेमू (64212/64203): रोजाना सफर करने वाले दैनिक यात्रियों के लिए चलने वाली यह दोनों मेमू ट्रेनें अब चारबाग की जगह लखनऊ जंक्शन से ही संचालित की जा रही हैं।
प्लेटफार्म नंबर 4 और 5 पूरी तरह सील
हादसे वाले प्लेटफार्म नंबर चार और पांच को यात्रियों के लिए पूरी तरह से प्रतिबंधित (बंद) कर दिया गया है। शनिवार से ही घटना स्थल पर दो बड़ी हाइड्रोलिक क्रेनें और दो जेसीबी (JCB) मशीनें लगातार मलबे को साफ करने में जुटी हैं। मलबे को प्लेटफार्म नंबर चार पर खड़ी एक मालगाड़ी में लादा जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर पैसेंजर फुटओवर ब्रिज (FOB) को रस्सी और बैरिकेडिंग लगाकर पूरी तरह घेर दिया गया है ताकि कोई भी यात्री प्लेटफार्म की सीढ़ियों से नीचे न उतर सके। दिल्ली से आए उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक (GM) के निरीक्षण के बाद सुरक्षा इंतजामों को और अधिक कड़ा कर दिया गया है।
प्लेटफार्म नंबर तीन पर भी ट्रेनों की आवाजाही ठप
इस मलबे हटाओ अभियान और भारी क्रेनों के मूवमेंट के चलते प्लेटफार्म नंबर तीन को भी पूरी तरह से ब्लॉक रखा गया है, जिसके कारण वहां भी ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह थमी हुई है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कानकोर्स निर्माण कार्य की वजह से प्लेटफार्म नंबर चार और पांच से पहले ही सीमित संख्या में मेल और इंटरसिटी ट्रेनें चलाई जा रही थीं, लेकिन इस इमरजेंसी ब्लॉक के बाद स्थिति सामान्य होने में अभी कम से कम 48 घंटे का समय और लग सकता है।














Click it and Unblock the Notifications