केंद्रीय मंत्री के सामने ही बीजेपी कार्यकर्ताओं ने किया जमकर विरोध प्रदर्शन
ग्वालियर में बीजेपी प्रत्याशी सुमन शर्मा के प्रचार कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के सामने बीजेपी कार्यकर्ताओं ने किया विरोध
ग्वालियर, 19 जून। ग्वालियर में अब बीजेपी पार्टी के अंदर ही बगावत के सुर उठने लगे हैं। रविवार को बीजेपी प्रत्याशी सुमन शर्मा के कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के सामने ही बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सांसद विवेक नारायण शेजवलकर भी मौजूद रहे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने अनुशासन को तोड़ते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और ग्वालियर सांसद विवेक नारायण शेजवलकर के सामने जमकर प्रदर्शन किया।

बीजेपी कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और ग्वालियर सांसद विवेक नारायण शेजवलकर के सामने बीजेपी के ही कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। शहर के वार्ड 21 और वार्ड 50 के कार्यकर्ताओं ने यह विरोध प्रदर्शन किया। वार्ड 21 और वार्ड 50 के कार्यकर्ताओं का कहना है पुराने कार्यकर्ताओं को छोड़कर बीजेपी में जो नए कार्यकर्ता शामिल हुए हैं उन लोगों को टिकट दे दिया गया है, जो कि सरासर गलत है।

बीजेपी पार्टी के अंदर ही कार्यकर्ताओं ने बगावत का बिगुल बजा दिया है। कार्यकर्ता टिकट वितरण को लेकर इतने नाराज हैं कि उन्होंने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर पैसे का लेनदेन करके टिकट बेचने का आरोप तक लगा दिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है जो पार्टी के ईमानदार कार्यकर्ता हैं उनकी अनदेखी की गई है।
विरोध के बीच केंद्रीय मंत्री ने कहा-'कोई बागी खड़ा नहीं होगा'
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के सामने उनकी पार्टी के कार्यकर्ता जमकर विरोध प्रदर्शन करते रहे। इस बीच केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से जब मीडिया ने सवाल किए तो उन्होंने बताया कि बीजेपी पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है जिसमें ऐसे कई कार्यकर्ता है जो चुनाव जीत सकते हैं, लेकिन टिकट किसी से एक व्यक्ति को ही मिल पाता है इसलिए अन्य कार्यकर्ता क्षुब्ध हो जाते हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि वह सब से बात करेंगे कोई भी बागी खड़ा नहीं होगा, सब कमल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे।
सांसद ने कहा मामला प्रदेश स्तर तक पहुंच गया है
बीजेपी पार्टी के कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन करने के बारे में जब ग्वालियर सांसद विवेक नारायण शेजवलकर से मीडिया ने बातचीत की तो उन्होंने कहा कि कुछ कार्यकर्ताओं ने विरोध जरूर किया है लेकिन मैंने उन्हें बोल दिया है कि अब मामला प्रदेश स्तर तक पहुंच गया है, तो अब वहीं बात करनी पड़ेगी।
केंद्रीय मंत्री की गाड़ी को घेरकर खड़े हो गए कार्यकर्ता
बीजेपी कार्यकर्ताओं का विरोध इतना उग्र हो गया कि उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की गाड़ी को ही चारों तरफ से घेर लिया और काफी देर तक वे गाड़ी को घेर कर खड़े होकर हंगामा और नारेबाजी करते रहे। इस माहौल को देखकर एक बात तो साफ हो गई कि अनुशासन के लिए अपनी पहचान बना चुकी भारतीय जनता पार्टी में भी अनुशासन को तोड़ने वाले कार्यकर्ताओं की भीड़ भी मौजूद है।












Click it and Unblock the Notifications