बीजेपी नेत्री सुमन शर्मा ने कहा-प्रशासन को मैनेज किया गया इसलिए हार गई चुनाव
ग्वालियर में हार के बाद बीजेपी नेत्री सुमन शर्मा ने प्रशासन पर खड़े किए सवाल
ग्वालियर, 24 जुलाई। ग्वालियर में नगर निगम चुनाव में महापौर पद की प्रत्याशी रही बीजेपी नेत्री सुमन शर्मा ने अब प्रशासन पर सवाल खड़े करना शुरू कर दिए हैं। सुमन शर्मा ने कहा है कि प्रशासन को निकाय चुनाव में मैनेज कर लिया गया था इसलिए मैं हार गई। उन्होंने कहा कि महापौर चुनाव के दौरान ग्रामीण क्षेत्र में पोलिंग कैसे डंप हो गई? सुमन शर्मा के तेवर देखकर प्रशासन में हलचल मच गई है।

बीजेपी ने बनाया था महापौर पद का प्रत्याशी
नगरीय निकाय चुनाव में ग्वालियर नगर निगम से बीजेपी ने महापौर पद के प्रत्याशी के लिए बीजेपी नेत्री सुमन शर्मा को टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारा था लेकिन सुमन शर्मा कांग्रेस प्रत्याशी शोभा सिकरवार से बुरी तरह हार गई। हालांकि सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने यहां रोड शो किया ,चुनावी सभाएं ली और प्रचार प्रसार किया। इसके बावजूद सुमन शर्मा को करारी हार मिली थी।
हार मिलने के बाद सुमन शर्मा ने उठाए प्रशासन पर सवाल
चुनाव में करारी हार मिलने के बाद अब बीजेपी नेत्री सुमन शर्मा ने ग्वालियर प्रशासन पर सवाल उठाना शुरू कर दिए हैं। सुमन शर्मा का कहना है ग्रामीण अंचल में पोलिंग डंप हो गई। सुमन शर्मा ने एक उदाहरण देते हुए बताया गिरगांव क्षेत्र में 4 बजे तक मतदान का प्रतिशत 48 था लेकिन 5 बजे वही मतदान का प्रतिशत बढ़कर 82 हो गया। 1 घंटे में इतनी वोटिंग कैसे संभव है।
चुनाव मैनेज होने का लगाया आरोप
हार का सामना कर चुकी बीजेपी नेत्री सुमन शर्मा ने आरोप लगाया है कि नगर निगम का चुनाव मैनेज हो गया था। लोगों में बीजेपी की प्रति नाराजगी नहीं थी लेकिन चुनाव मैनेज होने की वजह से बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा। सुमन शर्मा ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने उनकी मदद की।
ग्वालियर के साथ मुरैना में भी मिली है बीजेपी को हार
ग्वालियर के साथ ही मुरैना नगर निगम की महापौर सीट भी बीजेपी के हाथ से निकल गई है। यहां कांग्रेस की शारदा सोलंकी ने बीजेपी की मीना जाटव को हराया है लेकिन अभी तक मीना जाटव की तरफ से हार को लेकर कोई बयान नहीं आया है।












Click it and Unblock the Notifications