ग्वालियर अंचल में जातीय समीकरण साधने नारायण सिंह को बनाया बीजेपी ने पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष
प्रीतम सिंह लोधी को पार्टी से निकालने के बाद ओबीसी वोट बैंक साधने के लिए बीजेपी ने पूर्व मंत्री मारायण सिंह कुशवाह को बनाया पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष
ग्वालियर, 21 अगस्त। प्रीतम सिंह लोधी को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा कर अब जातीय समीकरणों को साधने के लिए बीजेपी ने नारायण सिंह कुशवाहा पर दांव खेला है। बीजेपी ने ओबीसी वोट बैंक को संभाले रखने के लिए नारायण सिंह कुशवाहा को पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया है।

प्रीतम सिंह को बीजेपी ने कर दिया पार्टी से बाहर
उमा भारती के करीबी प्रीतम सिंह लोधी ने शिवपुरी में ब्राह्मणों को लेकर एक विवादित बयान दे दिया था। इस बयान ने जब तूल पकड़ा तो ब्राह्मण समाज सड़कों पर उतर आया और ब्राह्मण समाज ने प्रीतम सिंह लोधी के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही। मामला जब बीजेपी के वरिष्ठ नेतृत्व के संज्ञान में आया तो प्रीतम सिंह लोधी से जवाब मांगा गया और जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर प्रीतम सिंह लोधी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया।

प्रीतम सिंह को बाहर करने पर ओबीसी वर्ग उतरा विरोध में
प्रीतम सिंह लोधी को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा देने के बाद ओबीसी वर्ग बीजेपी के विरोध में उतर आया। ओबीसी महासभा द्वारा ग्वालियर में बीजेपी के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया गया। एसपी ऑफिस के बाहर ओबीसी महासभा ने प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर बीजेपी सरकार के राज्य और केंद्र के मंत्रियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।

प्रीतम सिंह लोधी ने पूरे मामले को जातिगत रूप दे दिया
प्रीतम सिंह लोधी ने इस पूरे मामले को जातिगत रूप दे दिया। प्रीतम सिंह लोधी ने शनिवार की रात को ग्वालियर पहुंचकर मीडिया के सामने यह बयान दिया कि वह पिछड़ी जाति से आते हैं इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है अगर वह अगड़ी जाति से आते हैं तो उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती।

ओबीसी वर्ग को साधने के लिए नारायण सिंह कुशवाहा पर लगाया दांव
बीजेपी ने जब देखा ओबीसी वर्ग बीजेपी के विरोध में आ रहा है तो बीजेपी ने तुरंत अपनी राजनीतिक सूझबूझ से काम लिया और नारायण सिंह कुशवाहा को पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया। प्रीतम सिंह लोधी ग्वालियर से आते हैं और नारायण सिंह कुशवाह ग्वालियर के ही रहने वाले हैं। ग्वालियर चंबल अंचल में ओबीसी वर्ग की नाराजगी को दूर करने के लिए बीजेपी ने नारायण सिंह कुशवाह पर दांव लगाया है। लेकिन अब देखने वाली बात यह होगी कि नारायण सिंह कुशवाहा को नई जिम्मेदारी मिलने के बाद ओबीसी वर्ग बीजेपी के प्रति क्या रुख अख्तियार करता है।












Click it and Unblock the Notifications