चंबल के डाकुओं ने मालगाड़ी का डिब्बा काट लूटीं शक्कर की बोरियां, फिर RPF ने की धांसू एंट्री
मुरैना, 6 अप्रैल। मध्य प्रदेश के मुरैना में चंबल के डाकुओं ने फिल्मी स्टाइल में वारदात को अंजाम दिया है। डकैतों ने मालगाड़ी का डिब्बा काटकर शक्कर की बोरियां लूट ली। हालांकि एनवक्त पर रेलवे पुलिस फोर्स (RPF) ने धांसू एंट्री मारी और न केवल बड़ी लूट बचा ली बल्कि जो कुछ लूटा वो भी बरामद कर लिया।

सिकरौदा रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी को रोका गया
दरअसल, मंगलवार देर रात को सिकरौदा रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी खड़ी थी। गोवा एक्सप्रेस का इंजन फेल होने की वजह से सिकरौदा रेलवे स्टेशन पर इस मालगाड़ी को रोका गया था। इसका इंजन गोवा एक्सप्रेस में लगाया जा रहा था। मालगाड़ी में शक्कर की बोरियां लदी हुई थीं।

डिब्बे का पहला गेट काट लिया
रात में ही किसी समय बदमाशों ने मालगाड़ी के सबसे पीछे के डिब्बे का पहला गेट काट लिया। उसका कुंदा भी काटकर अलग कर लिया। फिर लुटेरों ने उसमें से शक्कर की बोरियां उतारनी शुरू कर दी थीं। RPF को पता लगा तो टीम मौके पर पहुंची तब RPF ने उनका पीछा किया।

आरपीएफ को रोकने के लिए लुटेरों ने फायरिंग की
आरपीएफ को रोकने के लिए लुटेरों ने फायरिंग की। आरपीएफ ने जवाबी गोलियां दागीं। गोलीबारी का फायदा उठाकर लुटेरे भाग खड़े हुए। लुटेरों और आरपीएफ के बीच जबरदस्त फायरिंग हुई। एक गोली एक लुटेरे के पैर में लग गई। पैर में गोली लगते ही वह वहीं गिर पड़ा जिसे RPF ने पकड़ लिया। मुठभेड़ की खबर सुनते ही ग्वालियर से भी RPF का अतिरिक्त बल पहुंचा।

63 शक्कर की बोरियां आरपीएफ ने कब्जे में ले ली
वहीं, रास्ते में लुटेरों द्वारा छोड़ी गई 63 शक्कर की बोरियां आरपीएफ ने कब्जे में ले ली हैं। कुछ बोरियां लुटेरे ले जाने में सफल रहे हैं। आरपीएफ ने समय रहते कार्रवाई की वरना काफी बोरियां लूटी जाती। मीडिया से बातचीत में आरपीएफ ग्वालियर के संजय कुमार ने बताया कि जिस एक जिस लुटेरे को पकड़ा है उसका नाम रवि शर्मा है। वह मुरैना जिले के पिपरसा गांव का रहने वाला है। उससे पुलिस पूछताछ कर रही है।

वारदात को अंजाम देने वाले पिपरसा गांव के लोग
पुलिस को उम्मीद है कि रवि से पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लग सकते हैं, जिनके दम पर पुलिस अन्य लुटेरों को भी जल्द पकड़ सकती है। वारदात को अंजाम देने वाले पिपरसा गांव के लोग हैं। बता दें कि सिकरौदा रेलवे स्टेशन मुरैना से करीब 10 किमी दूर है। आरपीएफ को सिकरौदा स्टेशन के पास नहर के पास खेतों में शक्कर की बोरियां बिखरी पड़ी मिली। आरपीएफ ने जिस लुटेरे को घायल करके पकड़ा उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications