Gwalior News: हरदा में विस्फोट के बाद प्रशासन की कार्रवाई, ग्वालियर में 14 पटाखा गोदाम सील
Gwalior News: मध्य प्रदेश के हरदा में मंगलवार को हुए हादसे के बाद प्रदेश भर में प्रशासन एक्टिव हो गया है। ग्वालियर जिला प्रशासन ने अलग-अलग गड़बड़ियों के कारण पटाखों के 14 गोदामों को सील किया है। प्रशासन के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
जिला प्रशासन ने आज ताबड़ तोड़ कार्रवाई करते हुए यहां संचालित आतिशबाजी गोदाम और दुकानों की जांच पड़ताल की और जांच में गड़बड़ी मिलने पर दुकान और गोदाम मिलकर 14 जगह पर कार्रवाई करते हुए सील कर दिए हैं। एकाएक हुई प्रशासनिक छापामार कार्रवाई से यहां व्यापारियों में भी दहशत फैल गई और कई व्यापारी अपनी दुकान बंद कर यहां से भाग खड़े हुए।

हरदा हादसे के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव द्वारा प्रदेश के सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे कि आतिशबाजी फैक्ट्री गोदाम और दुकानों की जांच पड़ताल की जाए और जिन लोगों द्वारा गड़बड़ी कर नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो इसी तारतम में आज जिला प्रशासन पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा ग्वालियर के गिरवाई इलाके में छापा मार कार्रवाई की गई और एक-एक कर सभी दुकानों और गोदाम को जाँचा गया।
शहरी सीमा से दूर गिरवाई इलाके में बनाया गया है पटाखा मार्केट
आपको बता दें कि पहले ग्वालियर के शहरी क्षेत्र में ही पटाखा मार्केट होती थी। लेकिन दुर्घटना को देखते हुए शहरी क्षेत्र से दूर गिरवाई इलाके में फटाका मार्केट तैयार की गई है यहाँ डेढ़ दर्जन के करीब पटाखा गोदाम और शोरूम संचालित है।
एसडीएम के नेतृत्व में पहुंची टीम
पटाखा गोदाम में जांच पड़ताल के लिए एसडीएम दिनेश गुप्ता और सीएसपी चंद्रभान सिंह के नेतृत्व में जांच टीम यहाँ पहुंची थी जांच के दौरान कई दुकानों और शोरूम में अनियमितताएं पाई गई है। कुछ व्यापारी अपनी दुकान बंद करके भी भाग गए जिनकी दुकानों को मौके पर ही सील किया गया है।
एसडीएम दिनेश गुप्ता का कहना है कि समय-समय पर यहां भौतिक सत्यापन प्रशासन द्वारा किया जाता है। इसके साथ ही स्टॉक का मिलन और सुरक्षा उपकरणों की भी जांच होती है। जिन व्यापारियों द्वारा नियमों का पालन नहीं किया जाएगा उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications