Fire in shops Jorhat: असम में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लगी, 100 से अधिक दुकानें जलकर खाक, VIDEO
असम के जोरहाट में चौक बाजार में भीषण आग लगी। 100 से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है।

Fire in shops Jorhat: असम के जोरहाट चौक बाजार में गुरुवार देर शाम लगी भीषण आग में 100 से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गईं। घटना की वीडियो बेहद डरावनी है। आग की लपटों और धुएं के गुबार काफी लंबी दूरी से देखे गए। तमाम दुकानें धू-धू कर जलीं और लाखों की संपत्ति खाक हो गई। हालांकि, आधिकारिक रूप से नुकसान जान माल का कितना नुकसान हुआ, इसका पता नहीं लगा है।
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, आग बाजार के मुख्य द्वार के पास स्थित एक कपड़े की दुकान में संदिग्ध शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। सूचना के बाद दमकल की करीब 20 गाडियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत शुरू की। एक अधिकारी ने बताया कि आग बुझाने के प्रयास जारी हैं।
जोरहाट में लगी आग के बारे में समाचार एजेंसी एएनआई ने जोरहाट जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मोहन लाल मीणा के हवाले से बताया कि खबर लिखे जाने तक भीषण हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। दमकल की टीम आग बुझाने में जुटी है।

असम में आग की डरावनी VIDEO
जोरहाट के एसपी मोहन लाल मीणा ने फोन पर बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। पुलिस क्षति के आंकड़े के बारे में भी कोई पुख्ता जानकारी नहीं दे सकती है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया 100 से अधिक दुकानों के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है, क्योंकि जिन दुकानों में आग लगी है, यह असम का एक प्रमुख वाणिज्यिक क्षेत्र है।
पुलिस प्रशासन की कार्रवाई के संबंध में एसपी मोहन लाल मीणा ने कहा, दमकल की गाड़ियां इलाके में पहुंच गई हैं। स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कहा, पुलिस को संदेह है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि आग लगने के कारणों की प्रामाणिक जानकारी नहीं मिली है। हादसे के बारे में और अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।












Click it and Unblock the Notifications