Rj Simran Singh: आखिर क्यों थम गई 'जम्मू की धड़कन', आरजे सिमरन सिंह 4 माह बाद किससे करना चाहती थी शादी?
Rj Simran Singh: जम्मू की धड़कन थम गई। नाम था सिमरन सिंह। काम रेडिया जॉकी और पहचान सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर। सिमरन सिंह 25 साल पहले जम्मू के नानक नगर में पैदा हुई थीं। आखिरी सांस 25 दिसंबर 2024 को हरियाणा के गुरुग्राम में ली। शादी से चार माह पहले सिमरन का शव गुरुग्राम के सेक्टर 47 की कोठी नंबर 58 के बंद कमरे में मिला है। हरियाणा पुलिस की शुरुआती जांच में इसे खुदकुशी का मामला माना जा रहा है।
आरजे सिमरन सिंह इंस्टाग्राम काफी सक्रिय थीं। वह इंस्टाग्राम पर अपने हंसते-मुस्कुराते चेहरे की तस्वीरें और शॉर्ट वीडियो खूब शेयर किया करती थी। गुरुवार को गुरुग्राम पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद सिमरन का शव परिजनों को सौंप दिया। सिमरन की मौत कथित तौर पर फांसी लगने से हुई है, मगर फांसी के कारण अभी तक सामने नहीं आए हैं।
यह भी पढ़ें- Simran Singh Instagram: RJ सिमरन ने इंस्टा पर आखिरी पोस्ट में ऐसा क्या लिखा, जिसके मायने मौत के बाद बदले

आरजे सिमरन की मौत पर गुरुग्राम पुलिस क्या बोली?
मीडिया की खबरों के अनुसार गुरुग्राम सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि आरजे सिमरन सिंह अपने कुछ दोस्तों के साथ कोठी में किराए पर रहती थी। पुलिस को इत्तला मिली थी कि सिमरन ने कमरा अंदर से बंद कर रखा है। वह दरवाजा नहीं खोल रही। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर खोला तो देखा कि सिमरन का शव फांसी के फंदे पर लटका था।

आरजे सिमरन की मौत परिजन बोले-किसी बात से थी नाराज
मीडिया की खबरों के अनुसार गुरुग्राम को सिमरन के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। ऐसे में मरने की वजह के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। वहीं, सिमरन के परिजनों का कहना था कि उनकी बेटी पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर परेशान चल रही थी। हालांकि परिजनों ने भी इस बात का खुलासा नहीं किया कि परेशानी की वजह क्या थी?

आरजे सिमरन के इंस्टाग्राम पर 6.82 लाख फॉलोअर्स
सिमरन सिंह के इंस्टाग्राम पर करीब 6.82 लाख फॉलोअर्स हैं। 'जम्मू की धड़कन' के नाम से भी मशहूर सिमरन ने इंस्टा पर आखिरी पोस्ट 13 दिसंबर को की थी, जो एक रील थी। मौत से 13 दिन पहले की आखिरी पोस्ट में उसने समुद्र तट पर डांस करते हुए वीडियो डाला था। इसमें लिखा था- 'अंतहीन खिलखिलाहट और अपने गाउन के साथ समुद्र तट पर बस एक लड़की।' सिमरन अपने फैंस के साथ ऐसे फनी रील्स साझा करती थीं, जो उनके फैंस को खुश कर देती थी।

आरजे सिमरन चार माह बाद दोस्त से करने वाली थी शादी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सिमरन की चार माह बाद शादी होने वाली थी। वह अपने दोस्त को जीवनसाथी के रूप में चुनना चाहती थी। सिमरन ने अपने दोस्त संग मिलकर एक कंपनी बनाई थी, इसके बैनर तले ऐड फिल्म और शॉर्ट मूवी का निर्माण होता था। सिमरन रेडियो जॉकी का काम दो साल पहले छोड़ चुकी थीं।












Click it and Unblock the Notifications