अरावली की पहाड़ियों में बदमाशों और पुलिस के बीच दना-दन चलीं गोलियां, 1-1 लाख के इनामी बने शिकार
गुड़गांव। अरावली की पहाड़ियों में बसे गुड़गांव जिले के घाटा गांव के पास क्राइम ब्रांच की टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। बदमाश बाइक पर सवार थे और दोनों इनामी थे। उन पर इन पर 1-1 लाख रुपए का इनाम था। पुलिस से मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से करीब 40 राउंड फायर हुए, जिसमें पुलिस क्राइम ब्रांच का एक जवान घायल हो गया। वहीं, जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों को पैरो में गोली लगीं।

गुरुग्राम पुलिस के आला अधिकारियों ने बताया कि, पकड़ में आए बदमाशों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, क्राइम ब्रांच के घायल जवान का इलाज गुड़गांव में चल रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीम को सूचना मिली थी कि एक-एक लाख रुपए के दो इनामी बदमाश जोंटू और मनीष गुरुग्राम के घाटा गांव के इलाके में घूम रहे हैं। इस पर क्राइम ब्रांच की टीम रवाना हो गई और नाका लगाकर चेकिंग शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, जोंटू व मनीष दोनों एक बाइक पर आते मिले। उन्हें जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बाइक से बैरियर गिरा दिया और सामने खड़े पुलिसवालों को टक्कर मारने की कोशिश की। कुछ ही देर बाद गोलीबारी शुरू हो गई। दोनों तरफ से करीब 40 राउंड हुई फायरिंग में जोंटू और मनीष दोनों बदमाशों को पैरों में गोली लगी। वहीं, क्राइम ब्रांच का भी एक जवान घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि, मौके से क्राइम ब्रांच की टीम ने बदमाशों से बाइक, पिस्टल, देसी कट्टा और कुछ कारतूस बरामद किए। पुलिस का कहना है कि, पिछले लगभग 2 महीनों से इन बदमाशों की तलाश थी। उन्होंने गुड़गांव के इस्लामपुर इलाके में एक पीजी संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस पीजी संचालक ने इनसे पीजी में रहने का किराया मांगा था। पीजी संचालक की हत्या की पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। तभी से पुलिस ढूंढ रही थी।












Click it and Unblock the Notifications