‘भारतीय सेना में हो अहीर रेजिमेंट’, हरियाणा के इस इलाके से उठा मुद्दा, प्रदर्शन देख जुटी फोर्स
गुरुग्राम। भारतीय सेना में 'अहीर रेजिमेंट' के गठन की मांग को लेकर हरियाणा में कुछ स्थानों पर प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। युवाओं के एक समूह द्वारा गुरुग्राम में मार्च निकालने की तैयारी चल रही है। यह मार्च खेरकी धौला टोल (गिवो कट) से NH48 पर हीरो होंडा चौक तक निकाला जा सकता है। इसे देखते हुए इलाके में पुलिस-फोर्स तैनात कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि, सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सड़क अवरुद्ध नहीं करने दी जाएंगी।
Recommended Video

अहीर रेजिमेंट के गठन की मांग
गौरतलब हो कि, वीर अहीर निर्माण सेना के जिला अध्यक्ष राजेश यादव की अगुवाई में अहीर रेजिमेंट के गठन की मांग उठाई जा रही है। इसे लेकर युवाओं ने पिछले महीने भी राष्ट्रपति के नाम नायब तहसीलदार अनिल धाकड़ को ज्ञापन सौंपा था। जिसमें कहा गया कि "यदुवंशियों का इतिहास हमेशा ही शौर्य पूर्ण रहा है। देश पर आजादी से पहले या बाद में जब-जब विपदा आई, तब-तब यादव समाज ने राष्ट्रहित में अपने अदम्य साहस और शौर्य का परिचय देते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए हैं। लिहाजा, वीर सपूतों के लिए एक भारतीय सेना में एक रेजिमेंट का गठन हो। जिसे ‘अहीर रेजिमेंट' नाम दिया जाए।"

मामला सियासी मुद्दा बनते जा रहा
‘अहीर रेजिमेंट' के गठन की मांग को लेकर कुछ स्थानीय लोग गुरूग्राम में पिछले काफी समय से धरने पर बैठे हैं। धीरे-धीर अहीर रेजिमेंट के गठन की मांग का मामला सियासी मुद्दा बनते जा रहा है। प्रदर्शन करने वाले राजेश यादव, कैप्टन सुरेन्द्र सिंह यादव, उत्तम यादव ओरछा, उदय भान सिंह यादव पोहा आदि ने कहा कि, हमारी ओर से अब खेरकी धौला टोल (गिवो कट) से NH-48 पर हीरो होंडा चौक तक मार्च निकाला जाएगा। यह प्रदर्शन संयुक्त अहीर रेजिमेंट मोर्चा के बैनर तले चल रहा है।

अब तक मसले का हल नहीं निकला
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि भारतीय सेना में अहीर रेजिमेंट का गठन किया जाए। इन लोगों का कहना है कि मांग को लेकर काफी वक़्त से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन अब तक मसले का हल नहीं निकला है। एक बुजुर्ग ने कहा, "अहीर समाज की प्रतिष्ठा, मान-सम्मान स्वाभिमान व योद्धाओं के त्याग, बलिदान व देशभक्ति के समर्पण भाव को ध्यान में रखते हुए, इस समाज की भारतीय सेना में अहीर रेजिमेंट का गठन किया जाना जरूरी है। जिससे इस मार्शल कौम के वीरों को सेना में रहकर देश सेवा का मौका मिल सके।"












Click it and Unblock the Notifications