दुर्घटनाः हादसा देखने के लिए रोकी कार तभी उसपर पलट गया ट्रक, परिवार के 3 लोगों की मौत
गुड़गांव। केएमपी एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे को देखने के लिए सड़क पर कार रोकना एक शख्स के लिए मातम का सबब बन गया। तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक उनकी कार के ऊपर पलट गया। जिससे कार में बैठे परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। कार चालक इसलिए बच गया क्योंकि वह दुर्घटना देखने सड़क पर चला गया था।

जानकारी के अनुसार पलवल सेक्टर 2 के रहने वाले नरेंद्र कुमार गौतम सुबह कार से बेटे संदीप, दामाद गणेश शंकर गौतम और दामाद की मां सत्यवती के साथ रोहतक के लिए सुबह निकले थे। जैसे ही वे केएमपी रोड पर रेवासन टोल टैक्स के करीब पहुंचे तो देखा कि वहां एक हादसा हुआ है। गाड़ी को किनारे लगाकर वह उसे देखने चले गए। जबकि संदीप, गणेश व सत्यवती गाड़ी में ही बैठे हुए थे। तभी अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक आया और अनियंत्रित होकर डिवाइडर को पार करते हुए उनकी गाड़ी पर पलट गया।
इससे तीनों लोग दब गए। बस नरेंद्र कुमार की ही जान बच पाई क्योंकि वे उस वक्त हादसा देखने गए हुए थे। दुर्घटना के बारे में पुलिस को सूचना दी गई और जब तक ट्रक को गाड़ी के ऊपर से हटाया जाता तब तक वे दम तोड़ चुके थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ेंः दमोहः बीच सड़क पर मनचलों ने लड़की का पकड़ लिया हाथ, मना करने पर मार दी ब्लेड












Click it and Unblock the Notifications