World Lion Day 2021: ये है हमारे जंगल का सबसे खूबसूरत शेर, इसे देखने दुनियाभर से गिर आते हैं लोग
अहमदाबाद 10 अगस्त: आज विश्व सिंह दिवस (वर्ल्ड लॉयन डे) है। दुनियाभर में इस दिन को लोगों में शेरों के प्रति जागरुकता बढ़ाने व उन्हें संरक्षण प्रदान करने की कोशिशों के लिए मनाया जाता है। कम होते जंगल क्षेत्र के कारण विश्व में शेर घट रहे हैं। हालांकि, भारत में शेरों की तादाद बढ़ रही है। यहां सरकार और कुछ संस्थाएं गुजरात के जंगलों में शेरों की आबादी को बढ़ाने और उनके लिए अनुकूल वातावरण व पर्याप्त आहार मुहैया के लिए सक्रिय हैं। अब हमारे जंगलों में सैकड़ों शेर हैं। जिनमें से कुछ शेरों को देखने के लिए दुनियाभर से पर्यटक आते हैं।
शेरों के इस खास दिन के अवसर पर हम आपको गिर जंगल का सबसे खूबसूरत शेर यहां दिखाने जा रहे हैं।
Recommended Video

यह है जंगल का सबसे खूबसूरत शेर
जी हां, तस्वीर में दिख रहा यह वही शेर है, जिसे लोग 'देवराज' कहते हैं। यह शेर जूनागढ़ के देवलिया सफारी पार्क में रहता है। इसे सबसे खूबसूरत शेर बताया जाता है। चूंकि, एशियाटिक होने के बावजूद 'देवराज' का लुक अलग तरह का है, जो कि अफ्रीकी शेरों से भी नहीं मिलता। आकार में यह पतला और लंबे घने बालों वाला है। देवलिया सफारी पार्क के कर्मचारी इसकी देखभाल करते हैं।
'देवराज' की हालिया तस्वीर फॉरेस्ट ट्रेकर सोहेल मकवाना ने खींची। उनका कहना है कि, यह शेर गिर के जंगल का सबसे खूबसूरत शेर है और अनाथ भी है। इसके मिलने की वजह दिलचस्प है। दरअसल, यह उस वक्त 4 या 5 महीने का ही था, जब इसकी माँ की मौत हो गई और इसे वन विभाग द्वारा देवलिया सफारी पार्क लाया गया। वहां इसका पालन-पोषण हुआ और वहीं यह बड़ा हुआ।

कभी वनकर्मियों ने खरोंच तक नहीं आने दी
वन विभाग के एक अधिकारी कहते हैं कि, इसका आकर्षक रूप इसके बालों के कारण है। नारंगी-काले मिलान वाले रोएं इसके चेहरे की चमक बढ़ा देते हैं। इसका जन्म करीब एक साल पहले घने जंगल में हुआ था और फिर जब यह बिना मां के मिला तो इसकी देखरेख वनविभाग के ही कर्मियों ने करनी शुरू कर दी। वाइडलाइफ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अक्सर ऐसा होता है कि जब शेर जंगल में घूम रहा हो, बबूल के कांटों, झाड़ियों और कांटेदार बाड़ों से गुजरा तो उसके बाल झड़ते हैं। मगर, देवराज को ऐसी किसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ता है। बचपन से ही उसे सफारी पार्क में तैयार भोजन मिलता रहा है, ऐसे में उसे शिकार करने की जरूरत नहीं पड़ी। जिससे इसके शरीर पर खरोंच तक नहीं पहुंचती। नतीजतन, वह सबसे सुंदर है। हालांकि, गुजरात समेत देशभर में शेरों के लिए कई जंगल हैं, लेकिन देवलिया सफारी, गिर, साकरबाग जू, अंबरदी समेत किसी भी जगह पर इतना खूबसूरत शेर आपको नहीं दिखेगा।

30000 वर्ग किमी का है शेरों का इलाका
शेरों के लिए देश में गुजरात ऐसा प्रदेश है, जहां परिसंचरण क्षेत्र बहुत वृहद है। शेरों की बढ़ती आबादी के कारण इनका संचलन क्षेत्र सौराष्ट्र के 30 हजार वर्ग किलोमीटर तक हो गया है। जिसमें 9 जिलों के 53 तालुका शामिल हैं। शेरों के बारे में hindi.oneindia.com ने पिछले वर्ष अपनी खबर में बताया था कि, गुजरात में शेर अब 21,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में घूमते देख जा सकते हैं। वन विभाग की एक रिपोर्ट में यह कहा गया कि, गिर के वन एवं उसके आसपास शेरों के विचरण वाले क्षेत्र में 36 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। जिससे यह इलाका 9 जिलों में बढ़कर 30,000 वर्ग किमी हो गया है।

यहां जंगलों में कुल कितने हैं शेर?
गुजरात में मिलने वाले शेर 'एशियाटिक लायंस' कहे जाते हैं। पश्चिमी देशों के लोग इन्हें एशियाई शेर बुलाते हैं। यहां के शेर आकार में अफ्रीकी शेरों से छोटे होते हैं, लेकिन काफी फुर्तीले होते हैं। गुजरात में इनकी संख्या 100-150 नहीं, बल्कि 675 है। और इसलिए यह भी सच है कि, पूरे एशिया महाद्वीप में सबसे ज्यादा शेर यहीं पर हैं। हर साल दुनिया भर से हजारों की संख्या में सैलानी यहां आते हैं। यह अलग बात है कि, इस बार कोरोना के कारण मूवमेंट पर रोक है।

यहां दुनिया का सबसे बड़ा ब्रीडिंग सेंटर
गुजरात में जूनागढ़ स्थित साकारबाग प्राणी उद्यान, जिसे सक्करबाग चिड़ियाघर या जूनागढ़ चिड़ियाघर के नाम से भी जाना जाता है, एक 84 हेक्टेयर (210 एकड़) का चिड़ियाघर है, जो 1863 में खोला गया था। अब यह शेरों के लिए दुनिया का सबसे बड़ा ब्रीडिंग सेंटर माना जाता है। यहां हफ्तेभर में शेर के जन्म की खबर आ जाती है।

कितना होता है शेर में वजन?
एक शेर (Lion) का वजन 190 किलोग्राम तक होता है और शेरनी का वजन 130 किलोग्राम तक होता है। हालांकि, गुजरात में कुछ शेरों का वजन 200 किलो तक भी पाया गया है। गुजरात में शेर की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घण्टा तक मानी गई है।
- क्या होता है शेर का पसंदीदा शिकार?
शेर के पसंदीदा शिकारों में हिरण, नीलगाय जैसे पशु आते हैं। शेर बारहसिंगा, गाय और अपने से छोटे मांसाहारी पशु को भी चाव से खाते हैं। वैसे तो शेर को जंगल का राजा कहते हैं, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि शेर घास के मैदानों में रहते हैं।
- कितने तरह के होते हैं शेर?
दुनिया में खासकर दो तरह के शेर देखे जा सकते हैं- एक एशियाटिक और दूसरे अफ्रीकन। इनके अलावा कुछ मटमैले या सफेद रंग के शेर भी मिलते हैं। मगर, ज्यादातर शेर की दो प्रजाति होती हैं- एशियाई और अफ्रीकन।

कितनी दूर तक सुना सकते हैं दहाड़?
हट्टा-कट्टा शेर जंगल में सुबह-सुबह दहाड़े तो उसकी आवाज 7 किलोमीटर दूर तक सुनी जा सकती है। शेर की सुनने की क्षमता भी बहुत होती है। ऐसा कहते हैं कि वो एक मील दूर से भी अपने शिकार की आवाज़ सुन लेते हैं।
- एक दिन में कितने समय तक सोता है?
शेर दिन में ज्यादातर समय सोकर गुजारता है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, शेर पूरे 20 घण्टे सोता है। ऐसा भी कहा जाता है कि, शेर एक बार में 50 से अधिक बार शेरनी से संभोग करते हैं।
- कितने साल जी सकता है शेर?
शेर सामान्यत: डेढ़ दशक तक जीते हैं। स्वस्थ शेर की उम्र 16 से 20 वर्ष होती है। दुख की बात यह है कि, गुजरात में शेरों की मृत्यु काफी पहले हो जाती है।
- हाथी का शिकार अकेले नहीं करते?
कहा जाता है कि शेर जंगल के राजा होते हैं। शेर अक्सर अकेले ही शिकार करते हैं। मगर, हाथी जैसे बड़े जानवर का शिकार शेर अकेले नहीं करता है। वो उनका शिकार झुंड में करता है। एक फैक्ट यह भी है कि, शिकार शेरनी करती है और शेर का कार्य परिवार की रक्षा करना होता है।

कई देशों के राष्ट्रीय पशु हैं शेर
भारत में बाघ राष्ट्रीय पशु है। लेकिन शेर भी कई देशों का राष्ट्रीय पशु है। जिनमें- अल्बानिया, बेल्जियम, बुल्गारिया, इथोपिया, नीदरलैंड इत्यादि शामिल हैं। ऐसा कहा जाता है कि, 1972 से पहले शेर भारत का राष्ट्रीय पशु था, लेकिन बाद में बाघ को राष्ट्रीय पशु बना दिया गया।
- अशोक के स्तम्भ में हैं शेर
भारत का राष्ट्रीय चिन्ह जो कि अशोक स्तम्भ है, उसमें शेर का चित्र अंकित है। शेरों के बारे में यह भी अच्छी बात है कि, ज्योतिष शास्त्र में सिंह नामक राशि होती है। इस राशि के नाम वाले लोगों को काफी भाग्यशाली माना जाता है।

शेर और शेरनी की बड़ी पहचान
नर शेर की गर्दन पर बाल होते हैं, लेकिन मादा की गर्दन पर बाल नहीं होते हैं। गुजरात में शेरनियां नदी पार भी कर लेती हैं और आपको शायद पता ना हो, तो बता दें शेर तैर भी सकता है। सामान्यत: इन्हें पानी में जाने से डर ही लगता है।

बड़ी बिल्ली भी कहे जाते हैं शेर
शेर बिल्ली की प्रजाति में आता है। इन्हें बिग कैट कहा जाता है। शेर का वैज्ञानिक नाम पैंथेरा लियो (Panthera Leo) है। बड़ी रोचक बात यह भी है कि दुनिया मे शेरों से ज्यादा उनकी मूर्तिया हैं।












Click it and Unblock the Notifications