Weather: भारी बारिश से गुजरात बेहाल, अब तक 63 लोगों की मौत, स्कूल-कॉलेज बंद, Red Alert जारी
अहमदाबाद, 12 जुलाई। भारी बारिश के कारण इस वक्त गुजरात की हालत काफी खराब हो गई है। राज्य के कई जिलों में बारिश ने बुरा हाल कर रखा है। सबसे ज्यादा प्रभावित एरिया अहमदाबाद का प्रहलादपुर, आनंदनगर और जीवराजपार्क हैं, जहां पर बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है, यहां तो 2 से 3 फीट पानी सड़कों पर जमा हो गया। जिससे आम जन-जीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के चलते अहमदाबाद में आज स्कूल-कॉलेज बंद है।
Recommended Video

63 लोगों की जीवन लीला समाप्त
तो वहीं राज्य आपदा प्रबंधन मंत्री राजेंद्र त्रिवेदी ने मीडिया को जानकारी दी कि भारी बारिश के चलते बीते 24 घंटों में सात लोगों की मौत हुई है और लगातार हो रही बरसात से राज्य के अलग-अलग जिलों में बिजली चमकने, दीवार गिरने जैसी घटनाएं सामने आई है, जिसकी वजह से एक आंकड़ें के मुताबिक एक जून से लेकर अब 63 लोगों की जीवन लीला समाप्त हो गई है।

गुजरात में रेड अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विभाग ने आज भी राज्य में कई जगहों पर भारी बारिश की आशंका को व्यक्त किया है तो वहीं उसका कहना है कि अगले 5 दिनों तक पूरे राज्य में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है तो वहीं दक्षिण गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ के कई जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा की आशंका बनी हुई है, हालांकि 15 जुलाई से बारिश की तीव्रता के कम होने के आसार नजर आ रहे हैं। फिलहाल राज्य में रेड अलर्ट जारी है।

कई जिलों में 2000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
गुजरात में बारिश से बिगड़े हालात के मद्देनजर पीएम मोदी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेंद्र रजनीकांत पटेल से फोन पर बात की और हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। राज्य के निचले इलाकों में पानी भरा हुआ है, हालांकि प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य पूरी तरह से जारी है। नवसारी, वलसाड, दांग और छोटा उदयपुर समेत कई जिलों में 2000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

भारी बारिश की चेतावनी
तो वहीं दूसरी ओर यूपी, बिहार, एमपी, छत्तीसगढ़, झारखंड में भी बारिश हो सकती है, मौसम विभाग ने इन राज्यों में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की आशंका को व्यक्त किया है। जबकि केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है और अलर्ट जारी है।












Click it and Unblock the Notifications