गुजरात में चला बुलडोजर: दरगाह के सामने बनीं दुकानें ढहाईं, शोभायात्रा पर पथराव के बाद एक्शन
खंभात। शोभायात्रा के समय दो समुदायों में हुई हिंसक झड़प के बाद से पुलिस-प्रशासन उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई में जुटा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि, राज्य के कुछ स्थानों पर रामनवमी की शोभायात्रा पर पत्थरबाजी की गई थी, जिसके बाद हिंसा हुई और काफी नुकसान हुआ। पत्थरबाजी की घटनाओं के बाद उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कुछ मकान-दुकानों को भी ढहाया जा रहा है। यह कुछ ऐसा ही एक्शन है, जैसे यूपी-एमपी में हुआ।

यूपी-एमपी की तरह गुजरात में भी चला बुलडोजर
जिला प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि, हिंसा के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जिसमें आरोपितों द्वारा अतिक्रमण कर बनी संपत्तियों को भी ध्वस्त किया जा रहा है। आणंद जिला स्थित खंभात की प्रान्त अधिकारी एवं एसडीएम निरूपा गढ़वी ने कहा, "हमें डीएम और एसपी द्वारा अनाधिकृत संरचनाओं को हटाने के निर्देश दिए गए हैं जो शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए लोगों के आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रही थीं।"

खंभात में हिंसा से बड़ा नुकसान हुआ था
खंभात में जो परिसर ढहाए गए हैं, उनके बारे में जिला प्रशासन की ओर से बताया जा रहा है कि वे दुकानें हिंसा वाली जगह एक मजार (दरगाह) के सामने अवैध तरीके से बनाईं गई थीं। गुजरात के खंभात में हिंसा के बाद आरोपियों की संपत्तियों को ध्वस्त करने की कवायद के तहत इन पर बुलडोजर चला है। खंभात में हुए पथराव में 1 व्यक्ति की मौत हो गई थी और 15 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
वीडियो में आप देख सकते हैं कि, किस तरह से प्रशासन ने बुलडोजर से परिसरों को गिराया है। इसे गुजरात के खंभात में रामनवमी की शोभायात्रा पर पथराव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करार दिया गया है। इस पर कुछ लोगों का कहना है कि, यूपी के योगी बाबा के बुलडोजर एक्शन की लोकप्रियता मध्यप्रदेश होते हुए गुजरात पहुंच गई है।












Click it and Unblock the Notifications