गुजरात: अहमदाबाद से बेंगलुरु जा रही बस को मुंबई से आ रहे ट्रक ने टक्कर मारी, 20 से ज्यादा जख्मी
अहमदाबाद। गुजरात में वलसाड के पास आज भयंकर सड़क हादसा हो गया। यहां मुंबई से आ रहे एक आयशर ट्रक ने अहमदाबाद से बेंगलुरु जा रही प्राइवेट बस को टक्कर मारी। जिससे दोनों वाहनों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में 20 से ज्यादा यात्री घायल हुए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वलसाड के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
हादसे के बाद ट्रक पलट गया। जिसके चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया। वहीं, बस भी दूसरे डिवाइडर पर चढ़ गई। मौके पर स्थानीय लोग जमा हो गए और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस की वैन आई। बस और ट्रक के ड्राइवर व क्लीनर को निकालकर से अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, सभी यात्रियों को भी बाहर निकाला गया। कुछ घायलों को पास ही खड़े ऑटो से अस्पताल तक पहुंचाया गया।

एक जख्मी शख्स ने बताया कि, हादसा सोमवार सुबह करीब 8 बजे हुआ, जब अहमदाबाद से बेंगलुरु जा रही बस को वलसाड शहर के पास एक ट्रस ने टक्कर मारी थी। वह ट्रक मुंबई से आ रहा था और वलसाड के पास नंदावला हाईवे पर अनियंत्रित हो गया था। डिवाइडर से टकराते हुए ट्रक सीधे बस से टकराया। जिससे बस यात्रियों को काफी चोटें आईं। बस में सवार 20 से ज्यादा मुसाफिर घायल हो गए। सभी घायलों को वलसाड के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घायल लोगों में ट्रक व बस के ड्राइवर और क्लीनर की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, उक्त बस और ट्रक के अगले हिस्से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए थे। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई है। पुलिस वहां से रास्ता खाली करवाने में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications