Gujarat Election: कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में नहीं मिली जगह, शशि थरूर ने गुजरात से बनाई दूरी
Gujarat Election Congress Shashi Tharoor: गुजरात में कांग्रेस पार्टी के लिए सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। जिस तरह से कांग्रेस पार्टी के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शशि थरूर को शामिल नहीं किया गया, उसके बाद शशि थरूर ने खुद को गुजरात चुनाव प्रचार से अलग कर लिया है। सूत्रों की मानें तो शशि थरूर को गुजरात कांग्रेस की छात्र ईकाई ने न्योता दिया था, लेकिन उन्होंने वहां जाने से इनकार कर दिया। हालांकि कांग्रेस ने इस बात से इनकार किया है कि शशि थरूर को नजरअंदाज किया जा रहा है। गौर करने वाली बात है कि कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ शशि थरूर भी थे, लेकिन शशि थरूर को चुनाव में बुरी तरह से हार का मुंह देखना पड़ा था।

कांग्रेस पार्टी के सूत्र का कहना है कि शशि थरूर पहले भी कभी स्टार प्रचारक की लिस्ट में नहीं थे। कांग्रेस के नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा गुजरात चुनाव के लिए पार्टी के 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल हैं। बता दें कि गुजरात में 1 और 5 दिसंबर को मतदान होगा। राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हैं, उन्होंने अभी तक गुजरात में चुनाव प्रचार नहीं किया है। 12 नवंबर को हिमाचल प्रदेश में चुनाव हुआ था, लेकिन यहां भी राहुल गांधी चुनाव प्रचार के लिए नहीं पहुंचे थे।
कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हैं। कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में रमेश चेन्नीथला, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, भूपिंदर सिंह हुडा, अशोक चव्हाण भी शामिल हैं। इसके अलावा जगदीश ठाकोर, जिग्नेश मेवाणी, सचिन पायलट भी प्रदेश में कांग्रेस का प्रचार करेंगे। गुजरात में फिलहाल कांग्रेस का चुनाव प्रचार लगभग ना के बराबर है। वहीं आम आदमी पार्टी प्रदेश में ताबड़तोड़ रैलियां कर रही है। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, राघव चड्ढा यहां लगातार रैलियां कर रहे हैं, रोडशो कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications