गुजरात में ट्रक से 22 लाख की शराब जब्त, पुलिस ने 80 पेटी बीयर भी बरामद की, 2 गिरफ्तार
राजकोट। शराब तस्करी के खिलाफ गुजरात पुलिस ने आज बड़ी कार्रवाई की। यहां राजकोट-पोरबंदर राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजकोट जिले की उपलेटा तहसील के गणोद-ना-पाटिया के समीप पुलिस ने लाखों की शराब और बीयर जब्त की है। शराब और बीयर को मिनी ट्रक में ले जाया जा रहा था। पुलिस ने तलाशी ली तो मिनी ट्रक से 22 लाख 27 हजार 800 रुपए की शराब और बीयर मिली। शराब जब्त कर पुलिस ने आरोपी भी पकड़ लिए।

उपलेटा थाने के उप निरीक्षक के.के. जाडेजा के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर की सूचना मिली थी। जिसके बाद गश्ती कर रही टीम गणोद ना पाटिया के समीप जा पहुंची। वहां एक मिनी ट्रक व पायलटिंग कर रही कार को रोका। तब मिनी ट्रक से शराब की 435 पेटी व बीयर की 80 पेटी जब्त की गई। इसके बाद पुलिस ने उस मिनी ट्रक और कार को भी कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को पकड़ा और जूनागढ़ निवासी काना उर्फ जेकी खांभला के विरुद्ध उपलेटा थाने में केस दर्ज किया।
कच्छ जिले में भी जब्त हुई थी शराब
इससे पहले पुलिस ने कच्छ जिले के सामखियाली क्षेत्र में भी 21 लाख रुपए से ज्यादा कीमत की शराब व बीयर जब्त की थी। एक टैंकर चालक को भी गिरफ्तार किया गया था। यह कार्रवाई आरआर सेल के निरीक्षक बी.एस. सुथार एवं उनकी टीम ने अक्टूबर 2020 में की थी। पुलिस अधिकारी ने बताया था कि, गश्ती के दौरान मुखबिर की सूचना पर सामखियाली के समीप निगरानी शुरू की गई थी। वहां जब एक टैंकर को रुकवाया गया तो शराब भरी 57 हजार बोतलें और बीयर भरे 470 टिन जब्त किए गए। जिनकी कीमत 21.10 लाख रुपए थी। इस संबंध में सामखियाली थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कहा कि, टैंकर जब्त करने के अलावा मौके से उसके चालक को भी गिरफ्तार किया गया था, उसकी पहचान राजस्थान के सांचोर निवासी गणपतराम विश्नोई के तौर पर हुई।
इधर, शराब भरे 2016 पाऊच जब्त
गुजरात में कंडला-मोरबी राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी शराब जब्त की गई। मोरबी जिले के मालिया-मियाणा गांव के समीप मालिया चेक पोस्ट के निकट मोरबी पुलिस की एलसीबी टीम की सूचना पर पुलिस टीम ने निगरानी के दौरान एक जीप को रोककर तलाशी ली। उस जीप से 2,01,600 रुपए कीमत की शराब मिली। उन पाउच की संख्या 2016 थी।












Click it and Unblock the Notifications