भारतीय जल सीमा में घुस रहे थे पाकिस्तानी, 1 मछुआरा बीएसएफ के हत्थे चढ़ा, 4 नौकाएं जब्त
भुज। पिछले माह पाकिस्तानियों ने 56 भारतीय मछुआरों से अगवा कर लिया था। इस बार कुछ पाकिस्तानी मछुआरे भारतीय जल सीमा में घुस आए। वहां गश्त कर रहे बीएसएफ के जवानों ने उन्हें देखा। मौके से एक पाकिस्तानी मछुआरे को पकड़ लिया गया। उसके अलावा 4 नौकाएं भी जब्त कर लीं। हालांकि, अन्य मछुआरे समंदर के रास्ते भागने में कामयाब हो गए।

संवाददाता ने बताया कि, यह घटना गुजरात के कच्छ जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे 'हरामी नाले' के नजदीक की है। जहां से पाकिस्तानी लोग भारतीय जलसीमा में आ घुसे। जिसकी जानकारी बीएफएफ के अधिकारी ने साझा की है। अधिकारी के मुताबिक, भुज इकाई के एक गश्ती दल ने कच्छ क्षेत्र में 'हरमी नाला' के पास नावों पर 4 से 5 पाकिस्तानी लोगों की आवाजाही देखी। वे लोग किसी न किसी समुद्री रास्ते का लाभ उठाकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सतर्क गश्ती दल ने उन पाकिस्तानी घुसपैठियों पर नजर रखनी शुरू की। उसी दौरान घुसपैठियों ने भी बीएसएफ के गश्ती दल को देखा और पानी में कूद गए। बीएसएफ के गश्ती दल ने उनका पीछा किया और एक पाकिस्तानी मछुआरे को पकड़ लिया। साथ ही 4 पाकिस्तानी मछली पकड़ने वाली नौकाओं को जब्त कर लिया।
बाकी मछुआरे दलदली इलाके का फायदा उठाकर पाकिस्तानी क्षेत्र में भागने में सफल रहे। पकड़े गए मछुआरे की पहचान पाकिस्तान सिंध प्रांत के अल्ला बचाओ सिद्दीकी के रूप में हुई है। बहरहाल उससे पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications