गुजरात विधानसभा: सदन की कार्यवाही से पूरा विपक्ष हुआ गायब, भाजपा के विधायक ही आए, क्या हुआ आखिर?
अहमदाबाद. गुजरात विधानसभा में बीते रोज एक ऐतिहासिक घटना घटी। यहां चल रही सदन की कार्यवाही से मंगलवार को पूरा विपक्ष ही अनुपस्थित रहा। बैठक में कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं दिखा। मांग पर चर्चा के दौरान पूरा विपक्ष अनुपस्थित था। इस तरह विधानसभा की कार्यवाही बिना विपक्ष के चली। सिर्फ भाजपा के विधायक ही सदन में मौजूद रहे।

विधानसभा परिसर में यह हाल देखकर सूरत शहर से भाजपा विधायक पूर्णेश मोदी ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान गए हुए कांग्रेस के विधायक जब गुजरात वापस लौटें तब उन्हें दो सप्ताह तक आईसोलेशन वार्ड में रखा जाए। इसके साथ ही उन्होंने 26 मार्च को राज्यसभा के चुनाव के दौरान मतदान से भी अलग रखे जाने की मांग की। बता दें कि, गुजरात की 14वीं विधानसभा के छठे सत्र के दौरान राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के पांच विधायकों ने इस्तीफा दिया था।

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के डर से कांग्रेस अपने विधायकों को दूसरी जगहों पर भेज चुकी है। ज्यादातर विधायकों को जयपुर ले जाया गया है। जयपुर में ये विधायक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक विशेष रिजॉर्ट में ठहरवाए हैं। राजस्थान में कांग्रेस की ही सरकार है, ऐसे में वहां मध्य प्रदेश के भी कुछ कांग्रेस विधायक ठहराए गए हैं। वहीं, गुजरात में राज्यसभा से चुनाव से पहले करीब 65 कांग्रेस विधायक जयपुर पहुंचा दिए गए। राज्यसभा में क्रॉस वोटिंग के डर के चलते कांग्रेस अपने विधायकों को इसी तरह गुजरात से बाहर ले गई है।












Click it and Unblock the Notifications